-श्रद्धालुओं से सुरक्षित स्थानों पर ही विसर्जन करने और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से बचने किये अपील

दुर्ग। लगातार हो रही बारिश के बीच केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव आज सुबह शिवनाथ नदी तट पहुंचे और दुर्गवासियों के साथ भगवान श्री गणेश की प्रतिमा विसर्जन में सहभागी बने। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ गणेश प्रतिमा के विसर्जन में शामिल होकर भगवान श्री गणेश से सभी के सुख, समृद्धि एवं मंगल की कामना की। इस दौरान मंत्री श्री यादव ने नदी तट पर जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किये और अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरी गंभीरता एवं सतर्कता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि बीते दिनों से लगातार हो रही वर्षा को देखते हुए शिवनाथ नदी के जलस्तर एवं तेज बहाव को लेकर विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है। गणेश विसर्जन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्राथमिकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि जिला प्रशासन एवं नगर निगम द्वारा निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही भगवान गणेश की प्रतिमा का विसर्जन करें। नदी के गहरे पानी, तेज बहाव वाले क्षेत्रों तथा प्रतिबंधित स्थानों पर जाने से बचें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव आस्था और श्रद्धा का पर्व है। ऐसे में उत्सव के साथ सुरक्षा और अनुशासन का ध्यान रखना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने प्रशासन एवं संबंधित विभागों द्वारा की गई व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि विसर्जन के दौरान नदी तट पर सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश, बैरिकेडिंग, गोताखोरों सहित आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा पूरे समय व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी की जाए।
मंत्री श्री यादव ने कहा कि जिला प्रशासन, नगर निगम एवं संबंधित विभागों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं और इन व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने दुर्गवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि आस्था, अनुशासन और सुरक्षा के साथ गणेशोत्सव का यह पावन समापन सभी के लिए मंगलमय हो।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.