-जलजमाव की शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंच रही निगम की टीम, नालियों की तल तक सफाई के निर्देश
दुर्ग। शहर में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए नगर पालिक निगम दुर्ग अलर्ट मोड पर है। बारिश के दौरान जलनिकासी व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और जलजमाव की स्थिति पर सतत निगरानी के लिए निगम आयुक्त लीना कोसम ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों एवं मैदानी अमले को निर्देश दिए कि बारिश के दौरान आम नागरिकों के साथ-साथ गणेश प्रतिमा विसर्जन के लिए पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आयुक्त लीना कोसम ने स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता सहित निगम की टीम के साथ शिवनाथ नदी विसर्जन स्थल, पुलगांव चौक स्थित सामुदायिक भवन, वार्ड क्रमांक 9, 10 एवं 11 के शंकर नगर, वार्ड क्रमांक 15 करीडीह तथा वार्ड क्रमांक 54 पोटियाकला सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़कों, नालियों और जलनिकासी व्यवस्था की मौके पर स्थिति देखी।
जिन क्षेत्रों से जलजमाव की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, वहां आयुक्त स्वयं पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर खड़े होकर नालियों की तल तक सफाई करवाते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां भी नालियों में जलभराव अथवा पानी के बहाव में रुकावट हो, वहां तत्काल सफाई कर जलनिकासी का सुचारु प्रवाह सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान शहर के प्रमुख हिस्सों में गंभीर जलजमाव की स्थिति नहीं पाई गई।
-शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंच रही निगम की टीम
बारिश को देखते हुए नगर निगम की विशेष टीमों को अलर्ट रखा गया है। शहर के अलग-अलग वार्डों में निगम का मैदानी अमला लगातार जलनिकासी व्यवस्था की निगरानी कर रहा है। जलजमाव अथवा पानी निकासी से संबंधित शिकायत मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
आयुक्त लीना कोसम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बारिश के दौरान मुख्य मार्गों के साथ-साथ निचले एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान शहर को जलजमाव से मुक्त रखना तथा नागरिकों को सुगम आवागमन एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
-सकर मशीन और जेसीबी सहित मशीनरी तैयार
अचानक जलजमाव की स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम ने आवश्यक संसाधनों को तैयार रखा है। अधिकारियों के अनुसार पानी निकासी के लिए सकर मशीन, जेसीबी सहित अन्य आवश्यक उपकरण पूरी तरह मुस्तैद हैं। किसी भी क्षेत्र में पानी जमा होने की सूचना मिलने पर तत्काल टीम एवं मशीनरी को मौके पर भेजकर निकासी की जा रही है।
इसके साथ ही शहर की नालियों और नालों में पानी के बहाव में किसी प्रकार की रुकावट न आए, इसके लिए लगातार सफाई और निगरानी की जा रही है। आयुक्त ने मैदानी अमले को निर्देश दिए कि बारिश के दौरान किसी भी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.