-नालों की सफाई नहीं होने का आरोप, कलेक्टर व निगम आयुक्त से तत्काल जल निकासी की मांग

दुर्ग। शहर में पिछले दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते कई निचली बस्तियों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है। इसी बीच शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल ने शुक्रवार को कांग्रेसजनों के साथ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया।
बारिश के कारण शंकर नाला उफान पर आने से वार्ड क्रमांक 09 के शंकर नगर-दुर्गा चौक, वार्ड क्रमांक 04, वार्ड क्रमांक 56 के रामनगर-उरला, वार्ड क्रमांक 15 एवं 16 के पटरी पार क्षेत्र के अलावा बोरसी-पोटिया क्षेत्र की निचली बस्तियों में पानी भरने की स्थिति सामने आई। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, कई स्थानों पर जलभराव के कारण सड़कें तालाब और डबरा जैसी स्थिति में तब्दील हो गईं, वहीं कुछ प्रभावित परिवारों के घरों में भी पानी प्रवेश कर गया।
निरीक्षण के दौरान धीरज बाकलीवाल ने नगर निगम प्रशासन पर समय रहते नाला-नालियों की सफाई नहीं कराने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यदि मानसून से पहले नालों और नालियों की समुचित सफाई कराई जाती तो जलभराव की स्थिति को काफी हद तक नियंत्रित किया जा सकता था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी द्वारा पूर्व में भी प्रशासन से नाला-नाली सफाई और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की जाती रही है।
बाकलीवाल ने मौके से ही कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त से फोन पर चर्चा कर प्रभावित निचली बस्तियों में तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने, आवश्यक स्थानों पर पंप लगाकर पानी निकालने तथा प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि लगातार बारिश के बीच निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में प्रशासन को जलभराव वाले क्षेत्रों की निगरानी कर त्वरित राहत एवं निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए।
इस दौरान नगर निगम नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले, पूर्व पार्षद विजेंद्र भारद्वाज, पश्चिम ब्लॉक अध्यक्ष आनंद कपूर ताम्रकार, भोजराम यादव, परमेश्वर वैष्णव, आयुष शर्मा, हिमांशु शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं कांग्रेसजन मौजूद रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.