-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, मितानिनों और आशा दीदियों का हुआ सम्मान

उतई/दुर्ग। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘जनसेवा से देशसेवा के 25 साल’ के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शुक्रवार को उतई मंगल भवन में ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) ललित चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान परंपरानुसार गर्भवती माताओं की गोदभराई कर उन्हें पौष्टिक गर्भवती टोकरी प्रदान की गई। वहीं नन्हें बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाएं देने वाली मितानिन बहनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं आशा दीदियों को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
गोदभराई कार्यक्रम के तहत ममता यादव, तारिणी यादव, वासमी गौतम, प्रियंका, राधिका, दीपेश्वरी साहू और दीपिका गायकवाड़ को गर्भवती टोकरी प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं धुवित ढीमर, भव्या ढीमर, दिव्यांसी साहू और दिव्यस सिवारे का अन्नप्राशन कराया गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में 25 सितंबर से 6 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़ी माताओं, बच्चों, महिलाओं और समुदाय को पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला कल्याण योजनाओं की जानकारी देना तथा जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम के दौरान ‘मेरी पौष्टिक थाली’ का प्रदर्शन कर संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी जाएगी। महिलाओं एवं बच्चों के लिए पौष्टिक व्यंजनों की विधि का प्रदर्शन, स्वास्थ्य एवं पोषण आधारित चित्रकला, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, माताओं एवं सुपोषित बच्चों का सम्मान तथा बच्चों के लिए खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। आंगनबाड़ी केंद्रों में सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से ‘न्योता भोज’ का आयोजन भी किया जाएगा।
-‘स्वस्थ माता से स्वस्थ पीढ़ी का निर्माण’
अपने उद्बोधन में विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा संकल्प का संगम है। प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में अपने जीवन के 25 वर्ष जनसेवा से देशसेवा के लिए समर्पित किए हैं।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकार की योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़ी माता-बहनों तक पहुंचाना है। एक गर्भवती माता के स्वस्थ रहने से आने वाली पीढ़ी भी स्वस्थ होगी। गोदभराई और अन्नप्राशन हमारी सनातन परंपरा का हिस्सा हैं, जिन्हें पोषण अभियान से जोड़कर मातृशक्ति के सम्मान और स्वस्थ भविष्य के निर्माण से जोड़ा गया है।
श्री चंद्राकर ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सरकार द्वारा महतारी वंदन योजना तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से माताओं को आर्थिक एवं स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने मितानिनों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं आशा दीदियों को समाज की महत्वपूर्ण सेवा शक्ति बताते हुए कहा कि वे घर-घर जाकर कुपोषण के खिलाफ लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में इनका योगदान महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन, जिला पंचायत सभापति श्रद्धा साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष सरस्वती साहू, महिला एवं बाल विकास अधिकारी उषा झा, नगर पंचायत उपाध्यक्ष शिवनारायण देशमुख, उतई मंडल अध्यक्ष शीतला राजपूत, मरोदा-पुरैना मंडल अध्यक्ष राजू राकेश जंघेल, महामंत्री चंदु देवांगन एवं प्रवीण यदु सहित जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उतई सोसायटी अध्यक्ष फत्तेलाल वर्मा, पार्षद सोनू राजपूत, लक्ष्मीनारायण साहू, सतीश चंद्राकर, खूबीराम साहू, संगीता रजक, सुनीता चंद्राकर, रुपेश पारख, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष विमला कामड़े, एकता चंद्राकर, रंजना चंद्राकर, ममता चंद्राकर, हरीश यादव, सोसायटी अध्यक्ष फलेंद्र राजपूत, भूषण मानिकपुरी, शुभम वर्मा, शंकर राव, अश्वनी वर्मा, मोतिम ठाकुर, विनायकपुर सरपंच योगेन्द्र दिल्लीवार, विजेंद्र साहू, धर्मेन्द्र बंजारे, भुसन मानिकपुरी, सुमन चंद्राकर सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, मितानिन, आशा दीदियां एवं वार्डवासी मौजूद रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.