-मंत्री गजेन्द्र यादव रहे मुख्य अतिथि, डिजिटल सतर्कता की दिलाई शपथ

दुर्ग। साइबर जागृति अभियान के तहत दुर्ग पुलिस द्वारा पुलिस लाइन स्थित प्रशासनिक भवन के दधीचि प्रशिक्षण हॉल में एसटीएफ के अधिकारी-कर्मचारियों के लिए साइबर सुरक्षा एवं डिजिटल सतर्कता संबंधी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में वर्तमान समय में सामने आ रहे साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों, ऑनलाइन ठगी के स्वरूप तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। अधिकारी-कर्मचारियों को साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल शिकायत एवं कार्रवाई के लिए उपलब्ध तकनीकी और कानूनी माध्यमों के बारे में भी जानकारी प्रदान की गई।
मुख्य अतिथि मंत्री गजेन्द्र यादव ने सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग पर जोर देते हुए कहा कि अनजान व्यक्तियों से प्राप्त संदेश, फ्रेंड रिक्वेस्ट तथा संदिग्ध लिंक को लेकर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने की अपील की। साथ ही उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा को लेकर केवल व्यक्तिगत स्तर पर ही नहीं, बल्कि परिवार और समाज में भी जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है।
उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल ने साइबर अपराधों की रोकथाम में पुलिस की तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्रवाई के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों को साइबर अपराध के बदलते तरीकों से लगातार अपडेट रहने, प्राप्त शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने तथा उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के लिए मार्गदर्शन दिया।
प्रशिक्षण के दौरान फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाली ठगी, OTP आधारित धोखाधड़ी और ऑनलाइन वित्तीय अपराधों से बचाव की सावधानियों के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी गई। साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के बारे में भी बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान एसटीएफ के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को साइबर अपराधों से सुरक्षित रहने तथा डिजिटल माध्यमों का सतर्कतापूर्वक उपयोग करने की शपथ दिलाई गई। इस अवसर पर मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने एसटीएफ जवानों के साथ सामूहिक सेल्फी भी ली।
कार्यक्रम का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मणिशंकर चन्द्रा द्वारा किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर दुर्ग हर्षित मेहर, उप पुलिस अधीक्षक (लाइन) चन्द्रप्रकाश तिवारी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं एसटीएफ के जवान उपस्थित रहे।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सतर्क रहें। OTP, PIN, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
“एक क्लिक सोच-समझकर, भविष्य सुरक्षित।”
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.