होम / दुर्ग-भिलाई / बड़े खाताधारकों की जानकारी लेकर गोल्ड ईटीवी में निवेश का झांसा, HDFC बैंक का रिलेशनशिप मैनेजर गिरफ्तार
दुर्ग-भिलाई
भिलाई। गोल्ड ईटीवी में निवेश कर हर महीने 10 प्रतिशत लाभांश दिलाने का झांसा देकर निवेशकों से रकम लेने के मामले में सुपेला पुलिस ने HDFC बैंक के रिलेशनशिप मैनेजर राजकुमार तिवारी (37) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी बैंक में अपने पद का लाभ उठाकर बड़े रकम वाले खाताधारकों की जानकारी हासिल करता था और उन्हें निवेश योजना में अधिक लाभ का प्रलोभन देता था। पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर-7 भिलाई निवासी प्रार्थी राजू नामदेव ने थाना सुपेला में शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी योगेश साहू एवं अन्य लोगों ने निवेश पर प्रतिमाह 10 प्रतिशत लाभांश देने का भरोसा दिलाया था। आरोपियों ने अन्य ग्राहकों के बैंक खातों के स्टेटमेंट दिखाकर निवेश योजना को विश्वसनीय बताया। इसके बाद प्रार्थी ने आरोपियों की बातों पर विश्वास करते हुए 21 मार्च 2025 को 15 लाख रुपये उनके बताए बैंक खाते में ट्रांसफर किए।
शुरुआत में प्रार्थी को लाभांश की राशि मिलती रही, लेकिन कुछ समय बाद भुगतान बंद हो गया। आरोपियों द्वारा रकम वापस करने का आश्वासन दिया जाता रहा। बाद में प्रार्थी को पता चला कि अन्य निवेशकों से भी इसी तरह बड़ी रकम ली गई है।
शिकायत के आधार पर थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 961/2026, धारा 318(2), 318(4), 61(2), 111(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान प्रार्थी सहित अन्य निवेशकों के बयान लिए गए और बैंक खातों तथा लेन-देन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई। निवेशकों मोहम्मद रफी, साधना मिश्रा, शिबा शेख सहित अन्य के कथनों एवं दस्तावेजों के परीक्षण में राजकुमार तिवारी की भूमिका सामने आई।
-बैंक पद का उठाता था फायदा
विवेचना में पुलिस को पता चला कि राजकुमार तिवारी HDFC बैंक में रिलेशनशिप मैनेजर के पद पर कार्यरत था। आरोप है कि वह बैंक में बड़े रकम वाले खाताधारकों की जानकारी हासिल कर उन्हें गोल्ड ईटीवी में निवेश के लिए संपर्क करता था। निवेशकों को प्रतिमाह 10 प्रतिशत लाभांश का प्रलोभन देकर निवेश कराया जाता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी निवेशकों से चेक प्राप्त कर मुख्य आरोपी योगेश साहू के खाते में राशि जमा करता था। वहीं निवेशकों का विश्वास बनाए रखने के लिए शुरुआती अवधि में लाभांश की राशि अपने खाते से दिए जाने के साक्ष्य भी विवेचना में सामने आए हैं। बाद में लाभांश भुगतान बंद होने पर निवेशकों की रकम फंस गई।
-साक्ष्य मिलने पर गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर गवाहों के समक्ष मेमोरण्डम कथन लिया। बैंक खातों, लेन-देन, निवेशकों के बयानों और अन्य दस्तावेजों के परीक्षण के बाद राजकुमार तिवारी की संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य पाए गए। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना सुपेला प्रभारी एस.एन. सिंह, उनि धनेश्वर साहू, आरक्षक कमल साहू एवं प्रदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
-दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में पैसा लगाने से पहले संबंधित संस्था, योजना और उसके अधिकृत होने की स्वतंत्र रूप से जांच करें। असामान्य रूप से अधिक या निश्चित लाभ का प्रलोभन देने वाली योजनाओं में बिना सत्यापन राशि जमा न करें। संदिग्ध निवेश प्रस्ताव, बैंक खाते या लेन-देन की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.