दुर्ग। दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने रिसाली के हिन्दनगर वार्ड क्रमांक 31 स्थित बूथ क्रमांक 120 में बूथ अध्यक्ष एवं रिसाली मंडल महिला मोर्चा उपाध्यक्ष अर्चना हिरवानी के निवास पर वार्डवासियों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 137वें संस्करण को सामूहिक रूप से सुना।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नशामुक्त भारत, युवाओं को नशे से दूर रखने, ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, राष्ट्रभक्ति, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता और जनभागीदारी सहित देशभर में सकारात्मक बदलाव लाने वाले नागरिकों के प्रयासों का उल्लेख किया।
विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को प्रसारित होने वाले ‘मन की बात’ कार्यक्रम का देशवासियों को इंतजार रहता है। प्रधानमंत्री इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के दूरस्थ क्षेत्रों में बिना किसी प्रचार और स्वार्थ के समाज एवं राष्ट्रहित में कार्य करने वाले लोगों के प्रयासों को सामने लाते हैं। इससे ऐसे लोगों का उत्साह बढ़ता है और उनके कार्य लाखों नागरिकों के लिए प्रेरणा बनते हैं।
उन्होंने कहा कि देश के गांवों और छोटे क्षेत्रों में पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, स्थानीय संसाधनों के उपयोग और नवाचार के माध्यम से अनेक लोग बदलाव ला रहे हैं। प्रधानमंत्री ‘मन की बात’ के माध्यम से इन सामान्य नागरिकों के असाधारण कार्यों को राष्ट्रीय पहचान प्रदान करते हैं। इससे सकारात्मकता और जनभागीदारी की भावना मजबूत होती है।
-नशामुक्त युवा विकसित भारत की आधारशिला
चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प को लेकर महत्वपूर्ण संदेश दिया है। युवा शक्ति विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को नशे से दूर रखना परिवार, समाज और राष्ट्र की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करना होगा।
-‘हर घर तिरंगा’ में दिखा राष्ट्रप्रेम
विधायक ने कहा कि ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति देशवासियों के उत्साह का उल्लेख किया। अभियान के तहत 8 करोड़ से अधिक लोगों ने तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड की, जो राष्ट्रध्वज के प्रति देशवासियों के सम्मान और गौरव को दर्शाता है।
-अंतरिक्ष विज्ञान में बेटियों की उड़ान
चंद्राकर ने मिशन शक्ति सैट जैसे प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत की बेटियां विज्ञान और तकनीक सहित हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की महिमा राजपूत का इस महत्वपूर्ण मुहिम का हिस्सा बनना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने महिमा को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां शिक्षा, विज्ञान, तकनीक और खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की विभिन्न कड़ियों में छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों और विशिष्ट प्रयासों का उल्लेख किया है। बस्तर ओलंपिक से लेकर मल्हार में मिले प्राचीन ताम्रपत्रों और काले हिरण के संरक्षण तक, प्रदेश की उपलब्धियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है।
इस अवसर पर रिसाली मंडल अध्यक्ष अनुपम साहू, महामंत्री गुड्डु झा, महिला मोर्चा जिला महामंत्री ममता राव, उपाध्यक्ष कमलेश हिरवानी, पार्षद सीमा साहू, बूथ अध्यक्ष अर्चना हिरवानी, ‘मन की बात’ प्रभारी ओनकेश्वरी मारकंडे सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.