होम / बड़ी ख़बरें / खेलो इंडिया संवाद में गूंजा ‘जो खेलेगा वो खिलेगा’ का संदेश, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं को तराशने पर जोर
बड़ी ख़बरें
-BIT दुर्ग में वर्चुअल माध्यम से जुड़े प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, विधायक ललित चंद्राकर ने कहा- दुर्ग ग्रामीण से निकलेंगे ओलंपिक खिलाड़ी
दुर्ग। राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर गुरुवार को BIT कॉलेज दुर्ग में “खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात प्रधानमंत्री मोदी के साथ” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से जुड़े और देशभर के युवा खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों से संवाद करते हुए खेलों में भारत की बढ़ती भागीदारी और 2036 ओलंपिक की तैयारियों पर जोर दिया।
कार्यक्रम से देशभर के 1,500 से अधिक शिक्षण संस्थान वर्चुअली जुड़े। आईआईटी, आईआईएम, एम्स, मेडिकल कॉलेज तथा विभिन्न प्रमुख विश्वविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी संवाद में सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं को मजबूत करना, खिलाड़ियों को बेहतर कोचिंग एवं प्रतियोगी अवसर उपलब्ध कराना, 2036 ओलंपिक के लिए प्रतिभाओं की पहचान और विकास तथा खेल प्रशासन एवं नेतृत्व में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना रहा।
-पीएम मोदी ने दिया ‘जो खेलेगा वो खिलेगा’ का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवा एथलीटों को संबोधित करते हुए कहा कि खिलाड़ियों के प्रदर्शन से उनके राज्य और शहर की पहचान बनती है। उन्होंने “जो खेलेगा वो खिलेगा” का संदेश देते हुए युवाओं को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश में खेलों को लेकर लोगों की सोच में सकारात्मक बदलाव आया है। बेहतर खिलाड़ी बनने के लिए अनुशासन के साथ नशे से दूरी बनाए रखना भी आवश्यक है।
प्रधानमंत्री ने वर्ष 2036 के ओलंपिक को ध्यान में रखते हुए अभी से खेल प्रतिभाओं को तलाशने और उन्हें तैयार करने पर जोर दिया। उन्होंने 5 से 15 वर्ष की आयु के प्रतिभावान बच्चों की पहचान कर उन्हें उचित प्रशिक्षण देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि भारत को प्रत्येक खेल में पदक जीतने के लिए उत्कृष्टता हासिल करने की दिशा में आगे बढ़ना होगा और सरकार खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग तथा प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
-दुर्ग ग्रामीण में विकसित होगा ‘खेल गांव’
कार्यक्रम में उपस्थित दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा) ललित चंद्राकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को नई ऊंचाइयां मिली हैं। खेलो इंडिया के माध्यम से गांव और ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि क्षेत्र से भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो सकें। विधायक ने बताया कि ग्राम खम्हरिया को ‘खेल गांव’ के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां करीब 46 करोड़ रुपये की लागत से छत्तीसगढ़ का पहला खेलो इंडिया सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाया जा रहा है। उन्होंने इसे प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देने वाली महत्वपूर्ण पहल बताया।
ललित चंद्राकर ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, बेहतर स्वास्थ्य और देशभक्ति की भावना विकसित करता है। सरकार और जनप्रतिनिधियों के संयुक्त प्रयास से युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि दुर्ग ग्रामीण क्षेत्र के युवा आगामी 2036 ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व कर क्षेत्र और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करेंगे।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती कुलेश्वरी देवांगन, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पवन शर्मा, जिला पंचायत सभापति जितेन्द्र यादव, राष्ट्रीय खिलाड़ी वाई. विपुल, प्राचार्य डॉ. अनुप मिश्रा, डॉ. डी.एस. रघुवंशी, कार्यक्रम अधिकारी सुश्री सवाना सिद्दीकी, सुश्री आरती मिश्रा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.