दुर्ग। नगर निगम दुर्ग मुख्यालय परिसर में गुरुवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब महापौर अलका बाघमार की इनोवा कार में अचानक भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि महापौर कार से उतर चुकी थीं, जिससे वे हादसे में बाल-बाल बच गईं। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ ही मिनटों में वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गया। घटना पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र की है। हादसे में आग की भेंट चढ़ा यह कार निगम द्वारा किराए पर लिया गया था, बहरहाल पुुलिस और फोरेंसिक विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया है कि महापौर अलका बाघमार गुरुवार को करीब 12.15 बजे अपनी इनोवा कार से नगर निगम मुख्यालय पहुंचीं। उन्होंने कार परिसर में खड़ी की और वाहन से नीचे उतर गईं। इसके कुछ ही देर बाद अचानक कार से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते उसमें तेज आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग की लपटों से घिर गई।
निगम परिसर में कार में आग लगने की खबर फैलते ही कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के जवानों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक इनोवा पूरी तरह जल चुकी थी।
महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जले, साजिश की आशंका से महापौर ने किया इनकार
महापौर अलका बाघमार ने बताया कि कार में कुछ महत्वपूर्ण एवं कीमती दस्तावेज रखे हुए थे, जो आग की चपेट में आने से जल गए। उन्होंने कहा कि उन्हें फिलहाल किसी तरह की साजिश की आशंका नहीं है। शुरुआती तौर पर वायरिंग में खराबी अथवा शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की संभावना प्रतीत हो रही है। महापौर के मुताबिक आग लगने के बाद महज 8 से 10 मिनट के भीतर पूरी कार जलकर खाक हो गई। उन्होंने कहा कि समय रहते वे वाहन से उतर चुकी थीं, अन्यथा घटना और अधिक गंभीर हो सकती थी। फिलहाल पुलिस और फोरेंसिक टीम मामले की जांच कर रही है। आग लगने की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट हो सकेगी।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.