होम / बड़ी ख़बरें / “गड्ढे में सड़क या सड़क में गड्ढा, पता ही नहीं चल रहा” : धीरज बाकलीवाल
बड़ी ख़बरें
-8 किमी मुख्य मार्ग की जर्जर हालत पर कांग्रेस ने किया निरीक्षण, जनसुरक्षा को लेकर उठाए सवाल

दुर्ग। शहर जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल एवं पश्चिम ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद कपूर ताम्रकार के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने वार्ड क्रमांक 57 उरला पश्चिम, वार्ड क्रमांक 58 उरला पूर्व, गया नगर एवं रामनगर क्षेत्र का जनसंपर्क कर सड़क एवं आवागमन की स्थिति का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चंडी मंदिर से गया नगर, रामनगर, उरला होते हुए राम मैरिज गार्डन तक लगभग 8 किलोमीटर लंबे मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताई। कांग्रेस नेताओं के अनुसार सड़क जगह-जगह से जर्जर हो चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर नालियां भी धंस गई हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि दो दिन पूर्व इसी मार्ग पर गड्ढों के कारण दो ई-रिक्शा पलट गए थे, जिसमें सवार यात्रियों को चोटें आईं। कांग्रेस ने सड़क की स्थिति को लेकर PWD एवं नगर निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तत्काल सड़क के नवनिर्माण की मांग की।
इस अवसर पर शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि शहर के प्रमुख मार्ग की लगभग 8 किलोमीटर सड़क की ऐसी स्थिति होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस द्वारा पूर्व में भी प्रशासन को सड़क की बदहाली से अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि यदि सड़क निर्माण का कार्य शीघ्र प्रारंभ नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी जनहित में सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगी।
पश्चिम ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आनंद कपूर ताम्रकार ने कहा कि यह केवल सड़क की समस्या नहीं, बल्कि सीधे तौर पर जनसुरक्षा से जुड़ा विषय है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए तत्काल गड्ढों की मरम्मत कर सड़क के नवनिर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाए।
निरीक्षण के दौरान पूर्व पार्षद जमुना साहू, बृजलाल पटेल, बिजेंद्र भारद्वाज, पूर्व नेता प्रतिपक्ष लीखन साहू, सुनीत घोष, प्रीतम देशमुख, मनीष सोनवानी, अमित साहू, दीपक पटेल, छबिलाल साहू, हिमांशु शर्मा, राकेश साहू, पंकज साहू सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.