भिलाई। जयंती स्टेडियम, भिलाई नगर में आयोजित शिवमहापुराण कथा के दौरान प्रख्यात कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा, सीहोर वाले ने श्रद्धालुओं को साइबर अपराधों से बचाव और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘साइबर क्राइम से आज़ादी’ विशेष साइबर जागृति अभियान से अधिक से अधिक लोगों को जुड़ने की अपील की।
बोलबम सेवा समिति खुरसीपार, भिलाई द्वारा 17 से 23 अगस्त तक आयोजित शिवमहापुराण कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। विशाल जनसमागम को देखते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, यातायात, भीड़ नियंत्रण, पार्किंग तथा प्रवेश-निकास व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
कथा के दौरान पं. प्रदीप मिश्रा ने श्रद्धालुओं को साइबर ठगी से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, PIN, पासवर्ड, बैंक खाते अथवा अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करें। संदिग्ध फोन कॉल, मैसेज और लिंक से भी सावधान रहें तथा किसी भी डिजिटल लेन-देन से पहले संबंधित जानकारी का सत्यापन जरूर करें।
उन्होंने श्रद्धालुओं से छत्तीसगढ़ पुलिस के ‘साइबर क्राइम से आज़ादी’ अभियान से जुड़ने का आह्वान करते हुए अभियान के QR Code को स्कैन कर जागरूकता अभियान का हिस्सा बनने की अपील की। साथ ही अभियान के कटआउट के साथ सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया और WhatsApp Status पर साझा करने का संदेश दिया, ताकि साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके।
-फर्जी कॉल और लिंक से रहें सावधान
साइबर अपराधी अक्सर फर्जी कॉल, मैसेज, सोशल मीडिया संपर्क, संदिग्ध लिंक, फर्जी निवेश योजनाओं और अन्य डिजिटल माध्यमों से लोगों को अपने झांसे में लेते हैं। विश्वास में लेने के बाद उनसे गोपनीय जानकारी हासिल कर आर्थिक ठगी की जाती है। पुलिस ने नागरिकों से ऐसे किसी भी संपर्क पर तत्काल प्रतिक्रिया देने के बजाय पहले उसकी सत्यता जांचने की अपील की है।
-दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि अनजान व्यक्ति को OTP, PIN, पासवर्ड या बैंकिंग संबंधी जानकारी न दें और किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें। साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस ने कहा कि शिवमहापुराण कथा जैसे बड़े जनसमागम के माध्यम से साइबर जागरूकता का संदेश बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचाना अभियान की महत्वपूर्ण पहल है। आयोजन समिति और पुलिस टीम के समन्वय से श्रद्धालुओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। दुर्ग पुलिस का संदेश है—“आपकी एक छोटी पहल, किसी बड़े साइबर अपराध को रोक सकती है।”
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.