भिलाई। जयंती स्टेडियम, सिविक सेंटर भिलाई में आयोजित शिवमहापुराण कथा के दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के तहत संदिग्ध रूप से घूम रहे महिलाओं के एक समूह को चिन्हित कर पूछताछ की। संतोषजनक जानकारी नहीं मिलने पर पुलिस ने 7 महिलाओं को थाना भिलाई नगर लाकर उनकी पहचान संबंधी प्रक्रिया पूरी की और सभी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की।
जयंती स्टेडियम में 17 से 23 अगस्त तक शिवमहापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए दुर्ग पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इसी दौरान 17 अगस्त को पुलिस टीम ने कथा पंडाल में संदिग्ध रूप से घूम रही महिलाओं के समूह को चिन्हित किया।
पूछताछ के दौरान महिलाओं द्वारा दी गई जानकारी संतोषजनक नहीं पाए जाने पर पुलिस ने सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के दृष्टिगत 7 महिलाओं को थाना भिलाई नगर लाया। पुलिस के अनुसार सभी के विरुद्ध भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री जब्त नहीं की गई है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में किसी अपराध के घटित होने की पुष्टि नहीं हुई है। कार्रवाई का उद्देश्य कथा स्थल पर संदिग्ध गतिविधियों की रोकथाम तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना है।
पुलिस के अनुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जद में रीना (35), अनीता देवी (22), सोनाली उर्फ शीला (45), जाह्नवी देवी (22) और गीता देवी (37), सभी निवासी ग्राम खड्डा, थाना सिवान, जिला रीवा, मध्य प्रदेश, तथा संगीता (25) और नैना (20), दोनों निवासी ग्राम समकलपुर, थाना पिपराइच, जिला गोरखपुर, उत्तर प्रदेश शामिल हैं।
-श्रद्धालुओं से पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने शिवमहापुराण कथा में आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से महंगे आभूषण पहनकर न आएं और मोबाइल, नगदी सहित अन्य कीमती सामान को सुरक्षित रखें। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने सामान के साथ बच्चों पर भी विशेष ध्यान देने की अपील की गई है। पुलिस ने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस द्वारा धार्मिक आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए कथा स्थल पर लगातार निगरानी की जा रही है तथा आवश्यकता के अनुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.