होम / बड़ी ख़बरें / 80वें स्वतंत्रता दिवस पर जिला पंचायत कार्यालय में हुआ गरिमामय ध्वजारोहण
बड़ी ख़बरें
दुर्ग। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिला पंचायत दुर्ग कार्यालय परिसर में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे की उपस्थिति में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दुर्ग बजरंग कुमार दुबे ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सरस्वती बंजारे ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश के स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने तथा राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का अवसर देता है। उन्होंने तिरंगे को देश की आन, बान और शान का प्रतीक बताते हुए इसके सम्मान को बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने की अपील की।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग कुमार दुबे ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, आजीविका, जल संरक्षण, स्वच्छता, बुनियादी सुविधाओं और ग्रामीण अधोसंरचना के विकास को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूरा कर ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
श्री दुबे ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और कर्तव्यपरायणता के साथ कार्य करते हुए ग्रामीण विकास के निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांवों को सशक्त, आत्मनिर्भर और विकसित बनाकर ही विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
कार्यक्रम में उपसंचालक आकाश सोनी, पंचायत लेखा अधिकारी कुलदीप देवांगन, पीतांबर यादव, सहायक परियोजना अधिकारी श्रीमती सोनाली ठाकुर, परियोजना अधिकारी श्रीमती संध्या सिंह सहित जिला पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.