होम / बड़ी ख़बरें / जयंती स्टेडियम में 17 से 26 अगस्त तक शिव महापुराण कथा, सुरक्षा में तैनात रहेंगे 632 पुलिसकर्मी
बड़ी ख़बरें

दुर्ग। भिलाई के जयंती स्टेडियम में 17 से 26 अगस्त तक आयोजित होने वाली शिव महापुराण कथा को लेकर दुर्ग पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। बोलबम सेवा समिति खुरसी पार, भिलाई द्वारा आयोजित इस कथा में प्रख्यात कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा, सीहोर वाले कथा वाचन करेंगे। प्रतिदिन लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की है।
तैयारियों की समीक्षा के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिला कलेक्टर के साथ जयंती स्टेडियम स्थित कार्यक्रम स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। वहीं पुलिस महानिरीक्षक ने भी कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था की समीक्षा की। पुलिस कंट्रोल रूम में पुलिस, यातायात पुलिस, नगर निगम, आयोजन समिति और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त समन्वय बैठक भी आयोजित की गई।
632 पुलिसकर्मियों की तैनाती
कार्यक्रम की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के लिए कुल 632 पुलिस बल तैनात किया गया है। इसमें 4 एएसपी/एसी, 18 डीएसपी, 15 निरीक्षक, 65 उप निरीक्षक/सहायक उप निरीक्षक, 36 प्रधान आरक्षक, 364 आरक्षक और 130 महिला आरक्षक शामिल हैं। पुलिसकर्मियों को कार्यक्रम स्थल, प्रवेश एवं निकास मार्ग, पार्किंग स्थल, प्रमुख चौक-चौराहों और संभावित भीड़ वाले क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों की निगरानी ड्रोन तथा सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। प्रवेश और निकास व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखते हुए भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी।
9 पार्किंग स्थल निर्धारित
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 9 पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। इनमें भिलाई निवास के सामने हेलिपैड, भिलाई निवास के बगल फुटबॉल ग्राउंड, प्रगति मैदान के पीछे वीआईपी पार्किंग, बैंक परिसर वीआईपी पार्किंग, सेक्टर-06 पुलिस ग्राउंड, कला मंदिर के सामने, शहीद उद्यान के सामने, हरिराज सिविक सेंटर के बगल तथा पैसिफिक मॉन्यूमेंट गार्डन के सामने पार्किंग शामिल हैं।
रायपुर, चरौदा, भिलाई-03, नंदिनी और पावर हाउस की ओर से आने वाले वाहनों के लिए कुहराली-सिरसा गेट-पावर हाउस/चंद्रा-मौर्या-25 मिलियन टन चौक होते हुए सेक्टर-06 पुलिस पेट्रोल पंप के पीछे पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इसी तरह कुम्हारी, खेमटा, धमधा, जेवरा सिरसा और नेहरू नगर की ओर से आने वाले वाहनों को ग्रीन चौक-राजेंद्र पार्क चौक-सेक्टर-09 चौक होते हुए सेक्टर-06 ग्राउंड पार्किंग तक पहुंचना होगा।
राजनांदगांव और बालोद की ओर से आने वाले वाहनों के लिए पुलगांव चौक-जेल तिराहा होते हुए भिलाई निवास के सामने हेलिपैड ग्राउंड पार्किंग तथा धमतरी, अभनपुर और पाटन की ओर से आने वाले वाहनों के लिए उतई नेवई होते हुए भिलाई निवास के बाजू फुटबॉल ग्राउंड पार्किंग निर्धारित की गई है।
- अलग अलग प्रवेश मार्ग निर्धारित
महाराज एवं आयोजक परिवार के लिए मंच के पीछे गेट/फॉरेस्ट एवेन्यू मार्ग से प्रवेश निर्धारित किया गया है। वीआईपी प्रवेश शहीद पार्क के आगे बैंक कटिंग तथा पार्किंग क्लब के पास से होगा। सामान्य श्रद्धालुओं के लिए भिलाई क्लब, मिराज चौक (सी.ए. चौक) और बैंक परिसर चौक की ओर से प्रवेश व्यवस्था निर्धारित की गई है।
दुर्ग पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थल और प्रवेश मार्ग का ही उपयोग करें। मुख्य मार्गों, प्रवेश मार्गों अथवा सड़क किनारे अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करें और यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें।
बच्चों और बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे भीड़ के दौरान अपने बच्चों, बुजुर्गों और परिजनों का विशेष ध्यान रखें। किसी व्यक्ति के बिछड़ने की स्थिति में तत्काल निकटतम पुलिसकर्मी या निर्धारित सहायता व्यवस्था से संपर्क करें। किसी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें तथा अफवाहों पर विश्वास न करें।
दुर्ग पुलिस ने कहा है कि आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात के सुचारू संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से प्रशासन द्वारा निर्धारित व्यवस्था का पालन करते हुए शिव महापुराण कथा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.