होम / दुर्ग-भिलाई / तिरगा में स्व. दाऊ कुर्मी प्यारेलाल बेलचंदन की 99वीं जयंती पर भव्य समारोह
दुर्ग-भिलाई
-किसानों, शिक्षा और ग्राम विकास में योगदान को किया गया नमन

अण्डा/दुर्ग (मोरज देशमुख)। शिक्षा, समाज सेवा एवं ग्राम विकास के अग्रदूत स्व. दाऊ कुर्मी प्यारेलाल बेलचंदन जी की 99वीं जयंती बुधवार को सेजेस दाऊ कुर्मी स्व. प्यारे लाल बेलचंदन शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गांधी ग्राम तिरगा में श्रद्धा, गरिमा और उत्साह के साथ मनाई गई। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर आयोजित इस समारोह में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, समाजसेवियों, पालकों, विद्यार्थियों एवं आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ स्व. दाऊ कुर्मी प्यारेलाल बेलचंदन जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात गुरु पूर्णिमा के अवसर पर विद्यालय परिसर में अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा वृक्षारोपण किया गया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधों की देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित, दुर्ग के अध्यक्ष प्रीतपाल बेलचंदन थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत सदस्य दामिनी मुकेश साहू ने की। विशिष्ट अतिथियों में सेवा दल के जीवित एकमात्र सदस्य गुहाराम देशमुख, स्व. दाऊ कुर्मी प्यारेलाल बेलचंदन के सुपुत्र एवं किसान संगठन के पूर्व अध्यक्ष गोपेन्द्र किशोर बेलचंदन, मोहनलाल हरमुख पूर्व अध्यक्ष जनपद दुर्ग) ग्राम पंचायत तिरगा के सरपंच घसियाराम देशमुख, ग्राम पंचायत झोला की सरपंच बसंती निषाद तथा ग्राम पंचायत भोथली की सरपंच नेमीन खुटेल उपस्थित रहीं।
मुख्य अतिथि प्रीतपाल बेलचंदन ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्व. दाऊ कुर्मी प्यारेलाल बेलचंदन का जीवन त्याग, सेवा, शिक्षा और जनकल्याण का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि दाऊजी ने ग्रामीण विकास, शिक्षा विस्तार, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता के लिए जो कार्य किए, वे आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने युवाओं से उनके आदर्शों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया तथा विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित इस गरिमामय आयोजन की सराहना की।
स्व. दाऊ कुर्मी प्यारेलाल बेलचंदन के सुपुत्र एवं किसान संगठन के पूर्व अध्यक्ष गोपेन्द्र किशोर बेलचंदन ने अपने संबोधन में कहा कि उनके पिता का संपूर्ण जीवन शिक्षा, ईमानदारी, समाज सेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, संस्कार और अनुशासन को जीवन का आधार बनाने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने अपने पूज्य पिता की स्मृति में सेजेस दाऊ कुर्मी स्व. प्यारे लाल बेलचंदन शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गांधी ग्राम तिरगा के विकास एवं विद्यार्थियों के हित में भोजन परोसने के लिए थालियों की व्यवस्था हेतु ₹25,000 की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।

साहित्यकार एवं भूतपूर्व शिक्षक विजय दिल्लीवार ने स्व. दाऊ कुर्मी प्यारेलाल बेलचंदन के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने ग्राम तिरगा को शिक्षा, संस्कार और सामाजिक समरसता की नई पहचान दिलाई। उनके आदर्श आज भी समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर सेजेस दाऊ कुर्मी स्व. प्यारे लाल बेलचंदन शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गांधी ग्राम तिरगा परिवार द्वारा शिक्षा जगत में उल्लेखनीय योगदान देने वाले भूतपूर्व शिक्षकों हीरालाल दिल्लीवार, अभयराम बेलचंदन, सुरेश ऋषि एवं साहित्यकार विजय दिल्लीवार का श्रीफल एवं सम्मान सामग्री भेंटकर सम्मान किया गया। साथ ही विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यालय स्टाफ का भी सम्मान किया गया।
समारोह के दौरान वक्ताओं ने ग्राम तिरगा के गौरवशाली इतिहास का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि वर्षों पहले खरखरा नदी की बाढ़ से गांव का अस्तित्व संकट में था। उस समय स्व. प्यारेलाल बेलचंदन के पिता एवं तत्कालीन मालगुजार दाऊ भंगीराम बेलचंदन के नेतृत्व में ग्रामीणों ने श्रमदान कर खरखरा नदी की धारा मोड़कर गांव को विनाश से बचाया। लगभग साढ़े चार माह तक ग्रामीणों ने कुदाली, गैंती, बेलचा और बैलगाड़ियों की सहायता से अथक परिश्रम किया तथा दाऊ भंगीराम बेलचंदन ने इस कार्य के लिए अपनी निजी भूमि भी उपलब्ध कराई। इसे देश की पहली ऐसी घटना माना जाता है, जब किसी गांव को बचाने के लिए सामूहिक श्रमदान से नदी की धारा बदली गई। इस ऐतिहासिक कार्य को देखने तत्कालीन अविभाजित मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कैलाशनाथ काटजू तथा कांग्रेस के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्लूजी राजू सहित अनेक वरिष्ठ नेता तिरगा पहुंचे थे। वक्ताओं ने कहा कि स्व. दाऊ कुर्मी प्यारेलाल बेलचंदन ने अपने पिता की सेवा, श्रमदान और जनकल्याण की इसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए शिक्षा, समाज सेवा और ग्राम विकास के क्षेत्र में अमिट योगदान दिया।
वक्ताओं ने स्व. दाऊ कुर्मी प्यारेलाल बेलचंदन के कृषि एवं सिंचाई क्षेत्र में दिए गए योगदान को भी विशेष रूप से याद किया। उन्होंने कहा कि भरदा कला–मोहदी पाट क्षेत्र के किसानों के लिए स्व. दाऊ प्यारेलाल बेलचंदन किसी भगवान से कम नहीं हैं। उनकी दूरदर्शी सोच से साकार हुई सिंचाई परियोजना ने क्षेत्र की धरती की प्यास बुझाई और हजारों किसानों को स्थायी सिंचाई का सहारा दिया। आज भी खरीफ सीजन में पानी की कमी होने पर किसान इस परियोजना और बेलचंदन जी को श्रद्धापूर्वक याद करते हैं। गर्मी के दिनों में भी निस्तारी जल की उपलब्धता बनी रहती है, जो उनकी दूरदर्शी सोच का परिणाम है।
वक्ताओं ने बताया कि इस परियोजना को स्वीकृति दिलाने के लिए स्व. दाऊ प्यारेलाल बेलचंदन ने अनेक बार भिलाई स्टील प्लांट के अधिकारियों से मुलाकात कर अतिरिक्त जल उपलब्ध कराने की सहमति प्राप्त की और परियोजना को मंजूरी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने राजनीतिक हितों की भी परवाह नहीं की। किसानों के हित में किया गया उनका यह योगदान आज भी पूरे क्षेत्र में सम्मान और कृतज्ञता के साथ याद किया जाता है।
कार्यक्रम में पालक समिति के अध्यक्ष युवराज देशमुख, संकुल प्रभारी रघुनाथ देशमुख, पूर्व जनपद सदस्य मोहनलाल हरमुख, टीकू दिल्लीवार, ऐमन देशमुख, (भूपेंद्र बेलचंदन सांसद प्रतिनिधि), परसराम देशमुख, गैंदालाल देशमुख, बिसौव देशमुख, नंद कुमार देशमुख, विनय ठाकुर, सूरज देशमुख, वीरेंद्र निषाद, नंदलाल देशमुख, पूर्व सरपंच नंद कुमार देशमुख, देवीसिंग ठाकुर फिरोज बेलचंदन, दयाराम दिल्लीवार, महेश कुमार बेलचंदन, श्यामू देशमुख, मोहन देशमुख सहित सेजेस दाऊ कुर्मी स्व. प्यारे लाल बेलचंदन शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गांधी ग्राम तिरगा के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, विद्यालय स्टाफ, पालकगण, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। अंत में विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.