होम / दुर्ग-भिलाई / रुआबांधा शिव मंदिर में 650 दीप जलाकर विधायक ललित चंद्राकर ने किया समरसता संकल्प अभियान का शुभारंभ
दुर्ग-भिलाई

दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी द्वारा गुरु पूर्णिमा (29 जुलाई 2026) से संत रविदास जयंती (20 फरवरी 2027) तक देशभर में चलाए जा रहे 'श्री गुरु रविदास महाराज समरसता संकल्प अभियान' के तहत दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने मंगलवार को रिसाली मंडल के कार्यकर्ताओं के साथ रुआबांधा स्थित शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर 650 दीप प्रज्ज्वलित किए। इस अवसर पर मंदिर परिसर को दीपों से सजाकर सामाजिक समरसता और समानता का संदेश दिया गया।
भाजपा के इस अभियान का शुभारंभ वाराणसी स्थित संत रविदास महाराज की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से हुआ है। अभियान के अंतर्गत जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी को देश के विभिन्न राज्यों तक पहुंचाया जाएगा तथा समरसता सभाएं, पदयात्राएं, सामाजिक संवाद और संत रविदास के विचारों पर आधारित विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि संत रविदास महाराज ने अपने जीवन भर समानता, भाईचारे और मानवता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जाति-पांति से ऊपर उठकर समाज में समरसता स्थापित करना ही संत रविदास की शिक्षाओं का मूल उद्देश्य था। भाजपा का यह अभियान उन्हीं विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरकार "सबका साथ, सबका विकास" के मंत्र पर कार्य कर रही है।
उन्होंने कहा कि 650 दीप प्रज्ज्वलित कर केवल अंधकार को दूर करने का प्रतीकात्मक कार्य नहीं किया गया है, बल्कि समाज में व्याप्त भेदभाव और विषमता को समाप्त कर समरसता का प्रकाश फैलाने का संकल्प भी लिया गया है।
कार्यक्रम में रिसाली मंडल अध्यक्ष अनुपम साहू, मरोदा-पुरैना मंडल अध्यक्ष राजू जंघेल, मंडल प्रभारी एवं जिला उपाध्यक्ष शिवेंद्र परिहार, नेता प्रतिपक्ष शैलेन्द्र साहू, पार्षद शीला नारखेड़े, जिला मंत्री शैलेन्द्र शेंडे, मंडल पदाधिकारी, महिला मोर्चा की कार्यकर्ता, पार्षदगण तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.