होम / दुर्ग-भिलाई / देवशयनी एकादशी पर हर्ष हिन्द यादव निर्विरोध बने सर्व यादव समाज के दुर्ग जिला अध्यक्ष
दुर्ग-भिलाई

दुर्ग। देवशयनी एकादशी के पावन अवसर पर वार्ड क्रमांक 24 स्थित यादव सांस्कृतिक भवन, न्यू दीपक नगर में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं प्रसाद वितरण के पश्चात सर्व यादव समाज द्वारा संचालित यादव संघ मित्र कल्याण मंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से हर्ष हिन्द यादव को संगठन का नया दुर्ग जिला अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित किया गया।
बैठक में निवर्तमान अध्यक्ष कमलेश यादव ने पारिवारिक दायित्वों का हवाला देते हुए 21 वर्षों तक संगठन का नेतृत्व करने के बाद अध्यक्ष पद पर बने रहने में असमर्थता जताई। उन्होंने कहा कि अब समाज सेवा की जिम्मेदारी युवा नेतृत्व को सौंपी जानी चाहिए। इसके बाद उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सर्वसम्मति से हर्ष हिन्द यादव के नाम पर सहमति व्यक्त करते हुए उन्हें नया जिला अध्यक्ष चुना।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कमलेश यादव के 21 वर्षों के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर राऊत नाचा एवं योद्धा-नर्तन जैसी परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर आयोजन किए गए। नव-निर्वाचित अध्यक्ष हर्ष हिन्द यादव ने इस सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने के साथ समाज के समग्र विकास के लिए कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष हर्ष हिन्द यादव ने कहा कि यादव समाज की विभिन्न शाखाओं को एकजुट कर शिक्षा, सामाजिक जागरूकता, स्वरोजगार, पशुपालन को बढ़ावा तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने समाज में व्याप्त नशे की प्रवृत्ति को समाप्त करने, युवाओं को शिक्षा एवं रोजगार की ओर प्रेरित करने तथा पारंपरिक व्यवसाय पशुपालन को सशक्त बनाकर शुद्ध दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने का भी संकल्प लिया।
बैठक में उपस्थित वरिष्ठ समाजजनों ने कहा कि समाज की एकजुटता ही उसके विकास का आधार है। सभी शाखाओं को एक मंच पर लाकर सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक उन्नति की दिशा में सामूहिक प्रयास किए जाएंगे।
कार्यक्रम में गहिरा गुरु राजेश यादव, रामानंद यादव, गोवर्धन यादव, राकेश यादव, बृजेश कुमार यादव, उमराव यादव, शिबू यादव, कमलेश यादव, भागवत यादव, प्रहलाद यादव, जीवन यादव, छत्तीसगढ़ कोसरिया अहीर यादव सेवा समाज के प्रदेश अध्यक्ष हर्ष यादव, युवा भाजपा नेता जीत हेमचंद यादव, वरिष्ठ समाजसेवी पुरानीक यादव तथा पूर्व कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त सोमनाथ यादव सहित विभिन्न समाजों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
महिला प्रतिनिधित्व के रूप में श्रीकृष्ण भगवान मंदिर अहीर समाज रायपुरा ट्रस्ट की अध्यक्ष करुणा यादव, कोषाध्यक्ष वर्षा रितु यादव, सहसचिव त्रिवेणी यादव, यादव संघ मित्र कल्याण मंडल दुर्ग की अध्यक्ष दीपाली यादव, उपाध्यक्ष मीना यादव, सचिव चंचल यादव, सहसचिव पूर्वांशी यादव सहित अनेक महिला पदाधिकारी एवं समाजसेविकाओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.