होम / दुर्ग-भिलाई / लोक कर्म विभाग की समीक्षा बैठक: विकास कार्यों में देरी पर सख्ती, समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग में लोक कर्म विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित कर शहर में चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया। महापौर अलका बाघमार के मार्गदर्शन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता लोक कर्म विभाग के प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर ने की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं तथा निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
बैठक में नगर निगम के सभी जोनों में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए यह जानकारी ली गई कि कौन-कौन से कार्य पूर्ण हो चुके हैं, कौन से कार्य प्रगति पर हैं तथा किन परियोजनाओं का कार्यादेश जारी होने के बावजूद काम शुरू नहीं हो पाया है। लंबित कार्यों के कारणों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में नियोजन एवं लोक कर्म समिति के विभिन्न निर्णयों की भी समीक्षा की गई। इसमें शंकर नगर पानी टंकी क्षेत्र के सीमांकन एवं घेराबंदी, अग्रसेन चौक से श्री शिवम् तक शंकर नाला की सफाई, बोल्डर एवं गाद हटाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को पत्र भेजने तथा नाला किनारे हुए अवैध अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी वार्डों में आंगनबाड़ी भवनों की मरम्मत, पार्षद निधि से सीसीटीवी कैमरों के संधारण एवं नए कैमरे लगाने, निगम में इंजीनियरों की आवश्यकता तथा वार्ड क्रमांक 57 स्थित शंकर नाला के एनीकट की चौड़ाई बढ़ाकर जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान पर चर्चा की गई।
इसके अलावा वार्ड क्रमांक 34 में असामाजिक तत्वों द्वारा मलबा फेंकने पर रोक लगाने, सरस्वती नगर आवास की सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल निर्माण, नाली एवं पुलिया मरम्मत का प्राक्कलन तैयार करने, शास्त्री चौक तालाब के अतिरिक्त जल की निकासी को नाले से जोड़ने तथा महावीर पार्क के समीप नाली को सीधा कर जल निकासी व्यवस्था सुधारने के निर्देश भी दिए गए। अधोसंरचना मद से सड़क, नाली एवं बाउंड्रीवाल निर्माण तथा सभी वार्डों में डस्ट फिलिंग के लिए प्राक्कलन तैयार करने पर भी सहमति बनी।
प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर ने अधिकारियों से कहा कि जनहित से जुड़े सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जिन परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब हो रहा है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तत्काल शुरू कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का समयबद्ध एवं जवाबदेही के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें।
बैठक में कुलेश्वर साहू, कमल देवांगन, गोविंद्र देवांगन, सरस निर्मलकर, आशीष चन्द्राकर, कार्यपालन अभियंता विनीता वर्मा, भवन अधिकारी प्रकाश चंद थवानी, मो. सलीम सिद्दीकी, सहायक अभियंता संजय ठाकुर, हरिशंकर साहू, सुरेश केवलानी, पंकज साहू सहित नगर निगम के विभिन्न जोनों के अधिकारी उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.