सिर्रीखुर्द। शासकीय प्राथमिक शाला छुईहा बेलर, सिर्रीखुर्द में शनिवार को आयोजित शाला प्रवेश उत्सव 2026-27, सेवानिवृत्त प्रधान पाठक जगन्नाथ ध्रुव के विदाई समारोह एवं न्योता भोज का आयोजन उत्साह और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ पत्रकारों, प्रतिभावान छात्र-छात्राओं तथा राज्यपाल से सम्मानित शिक्षक खोमन सिन्हा का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण दुर्ग से विशेष आमंत्रित छह वर्षीय बाल प्रतिभा रूद्र शर्मा रहे। मंच से पूछे गए स्कूल शिक्षा, भूगोल, गणित, राजनीति, संस्कृति, पर्यटन तथा सामान्य ज्ञान से जुड़े सैकड़ों प्रश्नों का रूद्र ने आत्मविश्वास और सटीकता के साथ उत्तर देकर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया। काले सूट और गुलाबी माला में मंच पर पहुंचे रूद्र का उपस्थित जनसमुदाय ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।
रूद्र की माता पायल शर्मा ने बताया कि उनके बेटे की ज्ञान यात्रा कोरोना काल में शुरू हुई। मात्र दो वर्ष की आयु से घर पर सामान्य ज्ञान और कठिन शब्दों का अभ्यास शुरू हुआ, जिसने आज उसे असाधारण प्रतिभा के रूप में पहचान दिलाई है।
कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों, अभिभावकों और ग्रामीणों ने रूद्र की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि वह आज के बच्चों के लिए प्रेरणा हैं। संचालक एवं पूर्व प्रधान पाठक ठाकुर राम साहू तथा अन्य शिक्षकों ने कहा कि यदि बच्चों को सही मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिले तो छोटी उम्र भी बड़ी उपलब्धियों में बाधा नहीं बनती।
शाला परिवार ने रूद्र शर्मा का शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मान किया। विशेष बातचीत में रूद्र शर्मा तथा उनके माता पायल शर्मा और नाना विनोद शर्मा ने बताया कि प्रतिदिन सामान्य ज्ञान का अध्ययन बच्चों का ज्ञान बढ़ाने, आत्मविश्वास विकसित करने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने बच्चों से नियमित रूप से जीके पढ़ने और जिज्ञासु बने रहने का संदेश दिया।
शाला परिसर को फूल-मालाओं, रंगोली और आकर्षक दीवार चित्रों से सजाया गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर कक्षा पहली और छठवीं के विद्यार्थियों का गायत्री परिवार के पुरोहित चेतन सिन्हा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत विद्यारंभ संस्कार भी सम्पन्न कराया गया।
कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि विजय कंडरा, जनपद सभापति नंदू यादव, सरपंच देवेंद्र वर्मा, नरेंद्र मार्कंडेय, भागीरथी सिन्हा, जितेंद्र सिन्हा, जितेंद्र शर्मा, नेमीचंद बंजारे, उरेन्द्र साहू, इमरान खान, ठाकुर राम, अखिलेश्वर वर्मा, खोमन सिन्हा, धनेश्वरी सिन्हा, चेतन सिन्हा, के.आर. वर्मा, जगन्नाथ ध्रुव, लीला राम मतावले, द्रोपति, सीता साहू, पत्रकार, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.