होम / दुर्ग-भिलाई / भीषण गर्मी पर भारी पड़े बच्चों के संस्कार, भिलाई में ‘बाल संस्कार सिंचन शिविर’ का भव्य समापन
दुर्ग-भिलाई
-सांसद विजय बघेल बोले- अधिकारों से अधिक कर्तव्यों के पालन से समस्याओं का होगा समाधान

भिलाई। पूज्य स्वामी गोविंद देव गिरी जी महाराज की प्रेरणा और आशीर्वाद से गीता परिवार छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित छह दिवसीय ‘बाल संस्कार सिंचन शिविर’ का शनिवार को भव्य समापन हुआ। सेक्टर-9 स्थित मां शारदा पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित समापन समारोह “संस्कृति गौरव एवं आशीर्वाद समारोह” के रूप में संपन्न हुआ, जिसमें दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर समाज के प्रबुद्धजन, माहेश्वरी समाज, वनवासी कल्याण परिषद तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में ऐसे संस्कार शिविरों की अत्यंत आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति अपने अधिकारों की बात तो करता है, लेकिन अपने कर्तव्यों को भूल जाता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने परिवार, समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करे तो अनेक समस्याओं का समाधान स्वतः हो सकता है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि जीवन में समस्याओं पर नहीं, बल्कि समाधान पर केंद्रित रहना चाहिए।
25 मई से प्रारंभ हुए इस निःशुल्क शिविर में 90 से अधिक बच्चों ने भाग लिया। भीषण गर्मी के बावजूद बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता की। शिविर में पुणे से आए प्रशिक्षक कुमारी गौरी एवं श्री श्रीधर ने बच्चों को व्यक्तित्व विकास, अनुशासन, एकाग्रता, स्मरण शक्ति, नेतृत्व क्षमता, संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों से जुड़े विविध प्रशिक्षण प्रदान किए।
आकर्षक प्रस्तुतियों ने बांधा समां ...
समापन समारोह में बच्चों ने छह दिनों के प्रशिक्षण का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। गोपुरम निर्माण, लाठी-काठी चालन और संगीतबद्ध योगासन जैसी प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अलावा बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और संस्कारों का सुंदर संदेश दिया।
मातृ-पितृ पूजन ने किया भावुक...
शिविर के दौरान आयोजित मातृ-पितृ पूजन कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। बच्चों ने अपने माता-पिता का तिलक कर, आरती उतारकर एवं चरण पूजन कर सम्मान व्यक्त किया। इस भावुक दृश्य ने उपस्थित अभिभावकों को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम में महिला माहेश्वरी समाज द्वारा बच्चों को आम एवं शीतल पेय वितरित किए गए।
40वें वर्ष में प्रवेश कर चुका है गीता परिवार ...
गीता परिवार पिछले 39 वर्षों से बाल संस्कार, गीता ज्ञान और वेदोत्थान के कार्यों में सक्रिय है। संस्था वर्तमान में अपने 40वें वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। इस अवसर पर देशभर में 40 हजार कार्यकर्ताओं के निर्माण तथा 40 लाख लोगों तक गीता के संदेश पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। संस्था द्वारा ‘लर्न गीता’ के माध्यम से ऑनलाइन निःशुल्क कक्षाओं का भी संचालन किया जा रहा है।
शिविर के सफल संचालन में गीता परिवार दुर्ग-भिलाई इकाई की अध्यक्षा भूमिजा बेंडाले, सचिव आशुतोष अग्रवाल, कोषाध्यक्ष माधुरी पाटिल, प्रांतीय सचिव इंद्रसेन अग्रवाल सहित स्थानीय कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं रायपुर से आए वरिष्ठ साधकों ने भी विभिन्न सत्रों के संचालन में सहयोग प्रदान किया।
समापन समारोह में बड़ी संख्या में अभिभावक, सामाजिक कार्यकर्ता और शहर के प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने बच्चों की प्रतिभा और संस्कारपूर्ण प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए आयोजन को सफल एवं प्रेरणादायी बताया।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.