-मेरठ से दो आरोपी गिरफ्तार, दुर्ग-भिलाई समेत कई शहरों की चोरियां खुलीं
दुर्ग। दिनदहाड़े हो रही चोरी की घटनाओं को चुनौती के रूप में लेते हुए दुर्ग पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उत्तरप्रदेश के मेरठ से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 400 ग्राम सोना, जिसकी कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई जा रही है, तथा 3 लाख 50 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं। कुल बरामद मशरूका की कीमत 63 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार नेहरू नगर एवं दुर्ग क्षेत्र में लगातार दिन के समय हो रही चोरियों की घटनाओं की जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और घटनास्थलों के आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए। महत्वपूर्ण सुराग मिलने पर थाना सुपेला एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम को मेरठ और दिल्ली रवाना किया गया।
जांच के दौरान मेरठ निवासी आरोपी हासीम खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बिलासपुर से एक एक्टिवा वाहन खरीदकर दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर और नवा रायपुर में रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपीगण कुछ दिनों से रायपुर के मोदहापारा क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे थे। गिरोह के सदस्य फेरीवाले बनकर कपड़े और कालीन बेचने के बहाने कॉलोनियों में घूमते थे तथा बाहर से ताला लगे सूने मकानों को चिन्हित कर चोरी करते थे। चोरी के दौरान एक आरोपी बाहर निगरानी करता था, जबकि दूसरा घर के भीतर वारदात को अंजाम देता था।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी का सोना मेरठ स्थित सलीम ज्वेलर्स को बेचा जाता था। पुलिस ने ज्वेलरी दुकान संचालक सलीम खान को भी गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से चोरी का सोना और नगदी बरामद की गई।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बिलासपुर के तिफरा, नवा रायपुर तथा मध्यप्रदेश के जबलपुर में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
गिरफ्तार आरोपी
1. हासीम खान, पिता जब्बार खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी श्याम नगर रोड, शालीमार गार्डन, गली नंबर-1, मेरठ (उ.प्र.)
2. सलीम खान, पिता अब्बास खान, उम्र 28 वर्ष, निवासी शिवालकास, मेरठ (उ.प्र.)
बरामद मशरूका
- करीब 400 ग्राम सोना
- कीमत लगभग 60 लाख रुपये
- नगद 3 लाख 50 हजार रुपये
- कुल बरामदगी : 63 लाख 50 हजार रुपये
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.