भिलाई। रायपुर एम्स में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 14 लाख 50 हजार रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को वैशाली नगर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के लखनऊ से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था, जिसे साइबर तकनीकी सहायता से ट्रेस कर पकड़ा गया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी मुकेश कोसरे, निवासी वृंदा नगर कैम्प-1 भिलाई ने थाना वैशाली नगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका कॉलेज मित्र अभिषेक जायसवाल स्वयं की बड़े अधिकारियों और प्रभावशाली लोगों से पहचान होना बताकर रायपुर एम्स में स्टाफ नर्स की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाता था। आरोपी ने नौकरी लगवाने और ज्वाइनिंग लेटर दिलाने के नाम पर मोटी रकम की मांग की।
प्रार्थी आरोपी के झांसे में आ गया और सितंबर 2021 से 16 अक्टूबर 2022 के बीच अपने एसबीआई खाते से अलग-अलग किश्तों में कुल 14 लाख 50 हजार रुपये आरोपी को दे दिए। इसके बाद आरोपी लगातार ज्वाइनिंग लेटर देने और रकम वापस करने के नाम पर टालमटोल करता रहा। बाद में वह अपने निवास स्थान से फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर थाना वैशाली नगर में अपराध क्रमांक 20/2026 धारा 420 भादवि के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान साइबर सेल भिलाई की मदद से आरोपी के मोबाइल नंबर और बैंक खातों का तकनीकी विश्लेषण किया गया। जांच में आरोपी की लोकेशन लखनऊ, उत्तर प्रदेश में मिली।
इसके बाद पुलिस टीम को तत्काल लखनऊ रवाना किया गया, जहां घेराबंदी कर आरोपी अभिषेक जायसवाल (31 वर्ष), निवासी सेक्टर-6 सड़क-12, मकान नंबर-05, बीएसपी स्कूल के पास, थाना भिलाई नगर, जिला दुर्ग को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से प्रकरण से संबंधित दस्तावेज एवं तकनीकी साक्ष्य जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में थाना वैशाली नगर पुलिस एवं साइबर सेल भिलाई की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को बिना सत्यापन के रकम न दें और किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.