दुर्ग। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सुपेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने निजी वाहन में अवैध रूप से “पुलिस” मोनो और बोर्ड लगाकर आम लोगों को भ्रमित कर रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 23 अप्रैल 2026 को चौकी स्मृति नगर क्षेत्र अंतर्गत जुनवानी चौक के पास एक थार वाहन चालक द्वारा तेज गति और खतरनाक तरीके से वाहन चलाने की सूचना प्राप्त हुई थी। साथ ही वाहन में अवैध रूप से “पुलिस” लिखा बोर्ड लगाए जाने की भी शिकायत मिली थी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वाहन को रोककर जांच की। जांच में चालक का कृत्य प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 555/2026 के तहत धारा 281 बीएनएस और धारा 184 मोटर व्हीकल एक्ट में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान समीर वर्मा (23 वर्ष), निवासी आर्य नगर कोहका के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से काले रंग की थार (वाहन क्रमांक CG 07 CP 8800) को जब्त कर लिया है और मामले में आगे की जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के साथ-साथ अवैध रूप से पुलिस चिन्ह का उपयोग कर प्रभाव स्थापित करने का प्रयास कर रहा था, जिससे आमजन की जान को खतरा उत्पन्न हो रहा था।
इस कार्रवाई में चौकी स्मृति नगर और थाना सुपेला की पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही, जिन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.