होम / दुर्ग-भिलाई / केमिकल फैक्ट्रियों पर विधानसभा में उठे सवाल, गोलमोल जवाब के बाद विधायक ने EOW को लिखा पत्र
दुर्ग-भिलाई
भिलाई। दुर्ग जिले में एक ही पते पर अलग-अलग केमिकल फैक्ट्रियों के संचालन का मुद्दा अब और गरमा गया है। यह मामला भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव ने ही विधानसभा में उठाया था, जहां पूछे गए प्रश्न के जवाब में सामने आई जानकारी कई स्तर पर सवाल खड़े करती है। जवाब से असंतुष्ट विधायक ने अब आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण में हुई कार्रवाई का ब्यौरा मांगा है।
विधानसभा में वाणिज्य एवं उद्योग विभाग ने अपने उत्तर में कहा कि इस तरह की कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। वहीं, उसी जवाब में यह भी उल्लेख किया गया कि छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने 24.02.2025 को चार सदस्यीय जांच समिति गठित कर जिले के 16 कोलतार प्रोसेसिंग आधारित उद्योगों की जांच कराई। जांच में 8 उद्योग पर्यावरणीय सहमति शर्तों के उल्लंघन के दोषी पाए गए, जिन पर नियमानुसार कार्रवाई की बात कही गई है।
इसके अलावा 24.06.2025 को प्राप्त एक शिकायत में उद्योगों द्वारा तथ्यों को छिपाकर केंद्रीय पर्यावरण स्वीकृति लेने का आरोप लगाया गया, लेकिन इस पर जांच समिति का गठन नहीं किया गया। एक अन्य शिकायत पर पर्यावरण मंडल ने पत्र क्रमांक 8879 दिनांक 07.07.2025 के माध्यम से उद्योग संचालनालय सहित अन्य विभागों को पत्राचार किया। मामला EOW तक भी पहुंचा, जहां शिकायत क्रमांक 02/2025 पंजीबद्ध है और प्रतिवेदन लंबित है।
विधायक देवेंद्र यादव ने 20.04.2026 को EOW को लिखे पत्र में कहा है कि विधानसभा में दिए गए जवाब में विरोधाभास है—एक ओर शिकायत नहीं होने की बात कही गई, वहीं दूसरी ओर जांच और उल्लंघन की पुष्टि भी की गई। उन्होंने अब तक की गई कार्रवाई की पूरी जानकारी मांगी है।
पूरे मामले में शिकायत न होने के दावे, जांच का गठन, उल्लंघन की पुष्टि और कार्रवाई की स्पष्ट स्थिति सामने न आने से प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.