-सशक्त नारी ही सशक्त समाज का निर्माण करती है, अतः महिलाएं सशक्त बनें : घनश्याम देवांगन

भिलाई। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर भिलाई वरिष्ठ नागरिक महासंघ के तत्वावधान में सियान सदन, हाउसिंग बोर्ड भिलाई में "नारी तू नारायणी - संगोष्ठी एवं नारी शक्ति सम्मान समारोह" का आयोजन संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता महासंघ के अध्यक्ष घनश्याम कुमार देवांगन ने की। समारोह में भाजपा नेत्री दिव्या भसीन, महासंघ के उपाध्यक्ष अर्चना मूले, कोषाध्यक्ष दिनेश गुप्ता, शैलजा वार्ष्णेय, डॉ कांतिलाल विश्वकर्मा, एस के नंदी, केबी गुजर विशेष रूप से उपस्थित थे।
महासंघ के अध्यक्ष घनश्याम कुमार देवांगन ने संगोष्ठी में आधार वक्तव्य देते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को सदैव शक्ति, करुणा एवं सृजन का प्रतीक माना गया है। नवरात्रि का पर्व हमें नारी के प्रति सम्मान, समानता एवं आदर का संदेश देती है। नारी समाज निर्माण की आधारशिला होती है।
परिवार से लेकर समाज और राष्ट्र निर्माण में नारी की निर्णायक भूमिका है। आज महिलाएं शिक्षा, राजनीति, विज्ञान, प्रशासन, सेना आदि हर क्षेत्र में अग्रणी हैं। उन्होंने कहा कि सशक्त नारी ही सशक्त समाज का निर्माण करती है, इसलिए महिलाएं सशक्त बनें। शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता नारी सशक्तिकरण के मुख्य आधार हैं। इसी भावना को जन-जन तक पहुंचाने, समाज में नारी की महत्ता प्रतिपादित करने तथा उन्हें शक्ति स्वरूपा मानकर सम्मानित करने हेतु यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं एवं समारोह में उपस्थित लगभग 70 महिलाओं का तिलक लगाकर फूलमाला, अंगवस्त्र एवं श्रीफल से सम्मान किया गया। नारी के महत्व, सशक्तिकरण, सम्मान एवं समाज निर्माण में उनकी भूमिका पर केन्द्रित एक संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया जिसमें महिलाओं एवं प्रबुद्धजनों ने अपने विचार व्यक्त किए। समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को रोकने के लिए महिलाओं की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण माना गया। इस अवसर पर उपस्थित नारी शक्ति ने लोगों को नशे की लत से बचाने व स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए नशा मुक्ति के लिए जन आन्दोलन चलाने का संकल्प लिया। महिलाओं ने अपने हाथों में नारे लिखे तख्तियां पकड़ी हुई थी। उन्होंने प्रदेश में अफीम की खेती एवं बढ़ते नशे की लत पर चिंता एवं आक्रोश व्यक्त किया। आरंभ में महिलाओं ने स्वागत गीत, देवी जसगीत एवं भजन प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय एवं खुशनुमा बना दिया। संचालन छाया विश्वकर्मा एवं आभार प्रदर्शन अर्चना मूले ने किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थीं।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.