
दुर्ग। जिले के थाना पदमनाभपुर एवं मोहन नगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए म्यूल अकाउंट के माध्यम से ऑनलाइन गेमिंग में अवैध लेन-देन करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अविनाश दुबे (27 वर्ष), निवासी हुडको भिलाई, ने 30 दिसंबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि कुछ लोग विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाकर उनके एटीएम कार्ड, पासबुक और चेकबुक अपने कब्जे में रखकर ऑनलाइन गेमिंग के जरिए अवैध लेन-देन कर रहे हैं।
मामले में थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 7/25 एवं थाना पदमनाभपुर में अपराध क्रमांक 566/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 317(2), 317(4), 318(4), 319(2), 111 तथा टेलीकम्युनिकेशन एक्ट की धारा 42(2), 42(3) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान तकनीकी विश्लेषण एवं बैंक खातों की जांच में म्यूल अकाउंट धारकों की पहचान की गई। इसके बाद दोनों थाना क्षेत्रों की पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी अपने बैंक खाते गिरोह को धन के लालच में उपलब्ध कराते थे, जिनका उपयोग ऑनलाइन गेमिंग के जरिए अवैध लेन-देन में किया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपी
सूरज महतो, रूपेश यादव, दीपक विश्वकर्मा, मिथलेश यादव, इसाब मेहत्तर, वेद प्रकाश ठाकुर, सुरेंद्र यादव, साहिल मेश्राम, प्रशांत लाउत्रे, भूपेंद्र सोनी और रंजीत कौर शामिल हैं।
जप्त सामग्री
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 मोबाइल फोन, विभिन्न बैंक खातों से संबंधित एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं अन्य बैंकिंग दस्तावेज जब्त किए हैं।
इस पूरी कार्रवाई में थाना पदमनाभपुर एवं मोहन नगर पुलिस की संयुक्त टीम और साइबर समन्वय टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति को अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक, ओटीपी या अन्य वित्तीय जानकारी साझा न करें। ऑनलाइन गेमिंग या त्वरित लाभ के लालच में आकर बैंक खातों का दुरुपयोग करना दंडनीय अपराध है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.