बेमेतरा। जिले के साजा मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ दो चिकित्सकों द्वारा अस्पताल परिसर में निजी प्रैक्टिस किए जाने का मामला सामने आया है। इस पर संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) बेमेतरा ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित चिकित्सकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि चिकित्सकों द्वारा किया गया यह कृत्य शासकीय सेवा नियमों एवं चिकित्सा सेवा की शर्तों के विपरीत है। दोनों डॉक्टरों से तीन दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया है। नोटिस जारी होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति बन गई है।
जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला साजा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ चिकित्सक डॉ. शिखा साहू और डॉ. पूर्ण साहू से जुड़ा है। ग्रामीणों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को शिकायत कर आरोप लगाया था कि दोनों चिकित्सक अपनी शासकीय ड्यूटी के दौरान निजी प्रैक्टिस कर रहे हैं। इतना ही नहीं, सरकारी आवास में ही मरीजों का इलाज कर उनसे ऑनलाइन माध्यम से फीस भी वसूली जा रही है।
शिकायतकर्ताओं का कहना है कि लंबे समय से दोनों चिकित्सक मरीजों को सरकारी अस्पताल में समुचित उपचार नहीं देकर निजी इलाज के लिए प्रेरित करते हैं। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
इसी मुद्दे को लेकर ग्रामीणों के एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर बेमेतरा को भी ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही, ऐसे कृत्यों को संरक्षण देने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग उठाई गई है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे इस मामले की शिकायत प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री से करेंगे। शिकायत के समर्थन में वीडियो क्लिपिंग, पर्चियां और अन्य दस्तावेज भी प्रस्तुत किए गए हैं।
गौरतलब है कि राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सरकार द्वारा लगातार निर्देश जारी किए जा रहे हैं, लेकिन इस तरह के मामलों से व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। अब देखना होगा कि जिले के नए कलेक्टर इस मामले में क्या रुख अपनाते हैं और क्या दोषी चिकित्सकों पर सख्त कार्रवाई होती है या नहीं।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.