-प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर भाजपा कार्यालय घेराव, पुलिस से हुई झूमाझटकी
-कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तोड़े बैरिकेड, भाजपा सरकार पर लगाए संरक्षण के आरोप
.jpeg)
दुर्ग। जिले के जेवरा पुलिस चौकी अंतर्गत ग्राम समोदा में भाजपा नेता विनायक ताम्रकार द्वारा अपने फार्म हाउस में बड़े पैमाने पर की जा रही अवैध अफीम की खेती के मामले को लेकर दुर्ग में गुरुवार को कांग्रेस पार्टी आक्रामक तेवर में नजर आई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर पूरे प्रदेश में जिला भाजपा कार्यालयों का एक साथ घेराव किया गया, जिसके तहत दुर्ग में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) के जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर एवं दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल के संयुक्त नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता राजीव भवन, दुर्ग से भाजपा कार्यालय घेराव के लिए रैली के रूप में निकले। इस दौरान कार्यकर्ता भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े।
भारी पुलिस बल तैनात, कई लेयर में की गई बैरिकेडिंग ..
कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन द्वारा पहले से ही भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। भाजपा कार्यालय जाने वाले मार्ग पर कई लेयर में बैरिकेडिंग कर रास्ते को रोक दिया गया था, ताकि कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय तक न पहुंच सकें।
पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी, एक बैरिकेड टूटे ..
जैसे ही कांग्रेस कार्यकर्ता आगे बढ़े, पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी देखने को मिली। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए दो बैरिकेड लेयर तोड़ दिए और मुख्य बैरिकेड तक पहुंचने का प्रयास किया। मौके पर काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही और पुलिस अधिकारियों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

भाजपा सरकार पर संरक्षण का आरोप ...
प्रमुख रूप से उपस्थित पूर्व केबिनेट मंत्री ताम्रध्वज साहू ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के फार्म हाउस में अवैध रूप से अफीम की खेती की जा रही थी, जो कानून के खिलाफ गंभीर अपराध है। इसके बावजूद भाजपा सरकार इस मामले पर चुप्पी साधे हुए है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि सरकार अपने नेताओं को बचाने का प्रयास कर रही है।
जिलाध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और भाजपा नेता ही खुलेआम अवैध गतिविधियों में लिप्त पाए जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। श्री ठाकुर ने सरकार से सवाल किया की अफीम की इस अवैध खेती में कौन-कौन से मंत्री और अधिकारी शामिल हैं?
नव्या मलिक का नाम सरकार की सूची से किसके दबाव में बाहर किया गया?, नव्या मलिक कितनी बार विदेश गई और किन लोगों के साथ विदेश यात्रा की?, भाजपा नेता विनायक ताम्रकार मुख्यमंत्री निवास में कब-कब आया है?, विनायक ताम्रकार के किन-किन नेताओं से संबंध हैं?, क्या भाजपा सरकार विनायक ताम्रकार द्वारा अवैध रूप से कब्जा की गई जमीन को हटाकर उस पर कड़ी कार्रवाई करने की हिम्मत दिखाएगी?
दुर्ग शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मामले को लेकर चुप नहीं बैठेगी और जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक कांग्रेस का जन आंदोलन जारी रहेगा।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं करती है तो आने वाले दिनों में कांग्रेस पार्टी और भी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। श्री बाकलीवाल ने आगे कहा की मुख्य आरोपी विनायक ताम्रकार को न बनाकर सरकार उन्हें बचाने में लगी हुई है।
पूर्व विधायक अरुण वोरा ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुवे कहा समोदा में कई जारी भाजपा नेता द्वारा अवैध अफीम खेती सरकार में बैठे मंत्रियों के संरक्षण के बिना संभव नही है। वोरा ने गृहमंत्री विजय शर्मा पर सीधा आरोप लगाते हुवे उनके द्वारा अफीम माफिया भाजपा नेता को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
इस दौरान पूर्व विधायक प्रतिमा चंद्राकर, पूर्व महापौर आर एन वर्मा, दीपक दुबे , राजेंद्र साहू, कोषाध्यक्ष विक्रांत अग्रवाल, उपाध्यक्ष शमशीर कुर्रेशी, विशाल देशमुख, रिवेन्द यादव, राजीव गुप्ता, जय श्री वर्मा, रूपेश देशमुख, योगिता चंद्राकर, देवेंद्र देशमुख, जामयुन गजपाल, प्रकाश ठाकुर, प्रवक्ता नासिर खोखर, राम सुर्य वंशी, आनंद कपूर ताम्रकार , गुरदीप सिंह भाटिया, मनीष बघेल, अल्ताफ अहमद सहित सैकड़ों की संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.