-कबीर तीर्थ मंदरौद स्थित समाधान विद्यालय का 12वां वार्षिक उत्सव हर्षोल्लास से संपन्न
-राष्ट्रीय न्यूज सर्विस के संपादक हर्ष शुक्ला व वरिष्ठ पत्रकार एच. डी. महंत की गरिमामयी उपस्थिति में सजा समाधान विद्यालय का वार्षिक उत्सव
धमतरी। महानदी के सुरम्य तट पर स्थित कबीर तीर्थ मंदरौद द्वारा संचालित समाधान विद्यालय का 12वां वार्षिक उत्सव भव्य, गरिमामयी एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। प्रकृति की गोद में आयोजित इस समारोह में शिक्षा के साथ संस्कार और सांस्कृतिक मूल्यों का सजीव समन्वय देखने को मिला।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर एस.एल. साहू (सेवानिवृत्त, जल संसाधन विभाग), रामदयाल उइके (पूर्व विधायक), हर्ष शुक्ला (संपादक, राष्ट्रीय न्यूज सर्विस), एच. डी. महंत (वरिष्ठ पत्रकार), विश्व भ्रमणशील संत भुवनेश्वर साहब तथा रविंद्र साहू कातलबोड़ (प्राचार्य, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का सम्मान श्रीफल एवं स्मृति-चिन्ह (मोमेंटो) भेंट कर किया गया।

विद्यालय की प्राचार्य उषा जी ने स्वागत उद्बोधन में समाधान विद्यालय की 12 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा, उपलब्धियों एवं भावी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाधान विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और मानवीय मूल्यों के निर्माण का सशक्त माध्यम है।
इस अवसर पर विश्व भ्रमणशील संत भुवनेश्वर साहब ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जन नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण है। उन्होंने कहा कि जब शिक्षा में आध्यात्मिक चेतना, सेवा भावना और नैतिक मूल्यों का समावेश होता है, तभी समाज सुदृढ़ होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से सत्य, करुणा और अनुशासन को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय न्यूज सर्विस के संपादक हर्ष शुक्ला ने कहा कि समाधान विद्यालय शिक्षा के साथ संस्कारों को जोड़ने का उत्कृष्ट कार्य कर रहा है और आज ऐसे संस्थानों की समाज को अत्यंत आवश्यकता है, जो बच्चों को जिम्मेदार नागरिक बनाएं।
सेवानिवृत्त जल संसाधन विभाग अधिकारी एस. एल. साहू ने कहा कि महानदी के तट पर स्थित यह विद्यालय बच्चों को प्रकृति के सान्निध्य में शिक्षा प्रदान कर रहा है, जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन और परिश्रम को जीवन का मूल मंत्र बनाने की प्रेरणा दी।

वरिष्ठ पत्रकार एच. डी. महंत ने कहा कि समाधान विद्यालय केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि संस्कारों की प्रयोगशाला है। उन्होंने कहा कि जब शिक्षा में संस्कृति और नैतिक मूल्यों का समावेश होता है, तभी समाज सशक्त बनता है। रविंद्र साहू कातलबोड़, प्राचार्य, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने समाधान विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण की सराहना करते हुए कहा कि यहाँ की शिक्षण पद्धति और अनुशासन अनुकरणीय है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ने का संदेश दिया।
उत्सव के दौरान विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत, नाट्य मंचन एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित जनसमूह ने मुक्त कंठ से सराहा। कार्यक्रम की सफलता में शिक्षकों एवं सहयोगी स्टाफ की भूमिका भी सराहनीय रही।
इस अवसर पर सविता जी, राधेश्याम जी, पुष्पा, भूमेश्वरी, त्रिवेणी, नीरा, यमुना, चुम्मन जी, मुकेश, तोषण, रामनारायण एवं गिरीश सहित विद्यालय परिवार के सभी सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही। अतिथियों ने विद्यालय के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह का समापन प्रेरक संदेश एवं आभार प्रदर्शन के साथ हुआ। महानदी के शांत तट पर आयोजित यह वार्षिक उत्सव शिक्षा, संस्कार और संस्कृति का ऐसा स्मरणीय आयोजन बना, जो लंबे समय तक स्मृतियों में जीवंत रहेगा।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.