-मोहन नगर पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा, धारदार हथियार भी जब्त
दुर्ग। भारतीय खाद्य निगम (FCI) के कर्मचारी के साथ शासकीय कार्य के दौरान मारपीट कर शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में मोहन नगर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी जब्त किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को प्रार्थी नरेश उत्तमराव कोटलवार ने थाना मोहन नगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि भारतीय खाद्य निगम में सहायक ग्रेड-3 के पद पर पदस्थ ध्रुव कुमार यादव शासकीय कार्य के तहत चावल से भरी रैक को खाली कराने का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान अभिषेक जाल उर्फ भालू और उसके साथी ने उनके साथ विवाद करते हुए मारपीट की तथा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की। मारपीट में कर्मचारी को चोटें आईं, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए हाईटेक अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शिकायत के आधार पर थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 538/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं 296, 351(3), 115(2), 3(5), 121(1), 132 एवं 221 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उन्हें 7 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक जाल उर्फ भालू (24 वर्ष), निवासी धमधा नाका, दुर्ग तथा दुर्गेश महानंद (19 वर्ष), निवासी कैलाश नगर, दुर्ग शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने FCI कर्मचारी को शासकीय कार्य के दौरान रोककर विवाद किया और मारपीट करते हुए कार्य में बाधा पहुंचाई। घटना के दौरान भय उत्पन्न करने के उद्देश्य से धारदार हथियार का भी इस्तेमाल किया गया। पुलिस ने प्रकरण में प्रयुक्त धारदार हथियार जब्त कर लिया है।
आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
-शासकीय कार्य में बाधा पर होगी सख्त कार्रवाई ..
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से शासकीय कार्यों में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि शासकीय कर्मचारियों के साथ मारपीट करने, उन्हें धमकाने अथवा शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से किसी भी आपराधिक गतिविधि या कानून-व्यवस्था से संबंधित सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। इस कार्रवाई में थाना मोहन नगर पुलिस की त्वरित विवेचना एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.