होम / दुर्ग / भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू का दुर्ग में आत्मीय स्वागत, बोले - ओबीसी वर्ग राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ मजबूती से खड़ा है
दुर्ग
दुर्ग। भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू के प्रथम दुर्ग आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। दुर्ग शहर के पटेल चौक में आयोजित इस स्वागत समारोह में प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक के मार्गदर्शन में एवं पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिला अध्यक्ष रूप सिंह सिन्हा के नेतृत्व में किया गया। स्वागत के बाद भाजपा जिला कार्यालय में भाजपा और पिछड़ा वर्ग मोर्चा की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष अशोक साहू उपस्थित रहे। मंच पर उनके साथ पूर्व कैबिनेट मंत्री रमशिला साहू, भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, तेलघानी विकास बोर्ड अध्यक्ष जितेंद्र साहू, पूर्व विधायक सावलाराम डहरे, महापौर अलका बाघमार, जिला महामंत्री दिलीप साहू, उपाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह परिहार, प्रदेश उपाध्यक्ष खिलावन साहू, प्रदेश मंत्री देवदत्त साहू, प्रदेश मीडिया प्रभारी छगन साहू, सोशल मीडिया संयोजक तामेश्वर साहू एवं अनेक वरिष्ठ भाजपा नेता मौजूद रहे।
अपने संबोधन में अशोक साहू ने कहा कि “स्वागत तो अनेक होते हैं, परंतु आज का आत्मीयता और अपनापन से भरा स्वागत हृदय को छू गया।” उन्होंने कहा कि भाजपा ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसे वे पूरी निष्ठा के साथ निभाएंगे। साहू ने बताया कि प्रदेश में 95 जातियाँ ओबीसी वर्ग में आती हैं, जो कुल आबादी का लगभग 52 प्रतिशत हैं। उन्होंने कहा कि “यह वर्ग गांव से लेकर शहर तक हर बूथ में भाजपा के साथ मजबूती से जुड़ा है। हमें उन समुदायों तक पहुंचना है, जो अभी पार्टी से नहीं जुड़े हैं।”
साहू ने केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा संचालित ओबीसी हितैषी योजनाओं की जानकारी दी, जिनमें राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम (NBCFDC) द्वारा चलाई जा रही कौशल विकास सहायता योजना, राष्ट्रीय फैलोशिप योजना, तथा छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम की स्वरोजगार योजनाएँ प्रमुख हैं। उन्होंने कहा कि “भारतीय जनता पार्टी सदैव पिछड़ा वर्ग के उत्थान और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है।”
भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा एक राष्ट्रवादी और कैडर आधारित पार्टी है, जो पंच परमेश्वर की भावना के साथ कार्य करती है। उन्होंने कहा कि “हम सभी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को पूरा करने के लिए गिलहरी के समान योगदान देना होगा।”
पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष रूप सिंह सिन्हा ने कहा कि दुर्ग जिला पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने सदैव संगठन के निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में जब भूपेश बघेल सरकार के खिलाफ आंदोलन और विरोध कार्यक्रम हुए, तब पिछड़ा वर्ग मोर्चा ने अग्रणी भूमिका निभाई।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री रमशिला साहू और महापौर अलका बाघमार ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन युवा मोर्चा के पूर्व जिला महामंत्री तेखन सिन्हा ने किया तथा आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष गणेश राम निर्मलकर ने किया।
बैठक में भाजपा जिला मंत्री गायत्री वर्मा, नवीन पवार, शैलेंद्र शैंडे, ध्रुव सचदेव, सैयद आसिफ अली, राजा महोबिया, रजनीश श्रीवास्तव, जितेंद्र सिंह राजपूत, अजय तिवारी, शारदा गुप्ता, कौशल साहू, महेंद्र लोढ़ा, कमलेश फेकर सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं महिला पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन जय श्रीराम और भारत माता की जय के नारों के साथ हुआ।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.