अंजली ने अपने खेल कौशल का मनवाया लोहा

अंजली ने अपने खेल कौशल का मनवाया लोहा

भारतीय हॉकी प्रशिक्षण कैम्प में चयन से लगा बधाईयों का तांता
दुर्ग। प्रतिभा के सामने स्थिति-परिस्थिति कोई मायने नहीं रखती है। इसे जोगी नगर पद्मनाभपुर निवासी राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी अंजली महतो ने साबित कर दिखाया है। आर्थिक रुप से कमजोर परिवार से आने वाली अंजली महतो के बेहतर प्रदर्शन के बदौलत भारतीय हॉकी प्रशिक्षण कैम्प बैंगलोर के लिए चयन हुआ है। उनके पिता साबा महतो माली के पेशे से जुड़े हुए है,जबकि मां बच्ची महतो सब्जी बेचने का कार्य करती है। राष्ट्रीय खिलाड़ी अंजली महतो ने भारतीय प्रशिक्षण कैम्प में चयन से अपने खेल कौशल का लोहा मनवाया। उनके इस उपलब्धि से दुर्ग नाम देश में गौरवान्वित हुआ है। हॉकी खिलाड़ी अंजली महतो ने दुर्ग आदर्श कन्या उ. माध्यमिक विद्यालय की छात्रा रहते हुए हाकी खेलना प्रारंभ किया था। विपरीत परिस्थियों में हिम्मत न हारते हुए खेलना जारी रखते हुए आज इस मुकाम पर पहुंची है। कई राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया है। प्रथम खेलो इंडिया में छत्तीसगढ़ का प्रत्निधित्व करते हुए दिल्ली मे खेल अकादमी मे चयनित हुई। जहाँ से बांग्लादेश में आयोजित प्रतियोगिता मे दल का हिस्सा रही।वर्तमान में  वह भोपाल स्थित खेल अकादमी मे प्रशिक्षणरत है। इनका चयन बंगलोर में आयोजित भारतीय हाकी प्रशिक्षण कैम्प के लिए किया गया है। इनके चयन से शहर मे खुशी का माहौल है। चयन पर उनके प्रशिक्षक तनवीर अकील, पद्मश्री अंतराष्ट्रीय हाकी खिलाड़ी सबा अंजुम, दुर्ग जिला हाकी संघ के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ खिलाड़ी आलोक ठाकुर, योगेश बघेल, विनोद वाघ, सुनील  श्रीवास्तव ने सराहना करते हुए उज्ववल भविष्य की कामना की है एवं उनको व उनके परिवार को बधाई दी और विश्वास जताया है कि अंजली महतो परिवार, शहर और प्रदेश के साथ-साथ देश का नाम रौशन करेगी।