होम / दुर्ग-भिलाई / RSS के शताब्दी वर्ष पर विवेकानंद उपनगर में भव्य विजयादशमी उत्सव एवं पथ संचलन संपन्न
दुर्ग-भिलाई
-वार्ड 53 और 54 पोटियाकला में पुष्पवर्षा व आरती से स्वयंसेवकों का हुआ स्वागत, राष्ट्रभक्ति के नारों से गूंजा क्षेत्र

दुर्ग। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर दुर्ग के विवेकानंद उपनगर में युगाब्ध 5128 विजयादशमी उत्सव एवं भव्य पथ संचलन हर्षोल्लास, अनुशासन और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। शताब्दी वर्ष के विशेष उत्साह के बीच आयोजित इस कार्यक्रम में सैकड़ों स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में भाग लिया। घोष की सुमधुर धुनों के साथ अनुशासित कदमताल करते स्वयंसेवकों का संचलन जहां से गुजरा, वहां राष्ट्रभक्ति का वातावरण निर्मित हो गया। इस दौरान जय श्रीराम, भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा।
- पुष्पवर्षा और आरती से हुआ स्वयंसेवकों का स्वागत
विवेकानंद उपनगर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में स्वयंसेवक पथ संचलन में शामिल हुए। इसमें बाल, तरुण और वरिष्ठ स्वयंसेवकों की सहभागिता ने संगठन की पीढ़ीगत निरंतरता और राष्ट्र प्रथम की भावना को प्रदर्शित किया।
पथ संचलन के स्वागत के लिए वार्ड क्रमांक 53 और 54 पोटियाकला के नागरिकों, मातृशक्ति और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। स्वयंसेवकों का कारवां आगे बढ़ने पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर तथा आरती उतारकर उनका आत्मीय अभिनंदन किया। जगह-जगह हुए स्वागत से आयोजन का माहौल उत्सवमय हो गया।
- सामाजिक संगठनों की रही सहभागिता
विजयादशमी उत्सव में विभिन्न सामाजिक एवं वैचारिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। विशेष रूप से स्वदेशी जागरण मंच परिवार के सदस्यों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। आयोजन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक चेतना और स्वदेशी विचारों के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।
- संघ की 100 वर्षों की यात्रा और पंच परिवर्तन पर दिया जोर
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लखन लाल साहू, जिला संघचालक गंगाधर जाधव, मुख्य वक्ता एवं जिला कार्यवाह सुनील पटेल तथा उपनगर कार्यवाह संतोष कुमार सिन्हा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 वर्षों की यात्रा, राष्ट्र निर्माण में स्वयंसेवकों के योगदान और समरस समाज के निर्माण में संगठन की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने पंच परिवर्तन के विषय पर विचार रखते हुए समाज में सकारात्मक बदलाव, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय दायित्वों के प्रति जागरूकता पर बल दिया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में मातृशक्ति, युवा, तरुण तथा बालक-बालिकाएं उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में अनुशासन, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रभक्ति की भावना प्रमुख रूप से दिखाई दी।
-यातायात एवं स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग के लिए जताया आभार
कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संपन्न कराने में पद्मनाभपुर पुलिस प्रशासन और वार्ड के जनप्रतिनिधियों का विशेष योगदान रहा। यातायात व्यवस्था बनाए रखने में उनके सहयोग की सराहना की गई।
वहीं, कार्यक्रम स्थल और उद्यान की स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिक निगम दुर्ग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति भी आभार व्यक्त किया गया। आयोजकों ने कहा कि सभी के सहयोग से विजयादशमी उत्सव एवं पथ संचलन शांतिपूर्ण, अनुशासित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.