-सप्तमी पर मां शाकंभरी की पूजा-अर्चना, 56 भोग के साथ फल एवं हरी सब्जियों का वितरण

दुर्ग। शहर के पद्मनाभपुर क्षेत्र में शारदीय नवरात्र के अवसर पर दुर्गोत्सव की धूम मची हुई है। श्रद्धालुओं में माता की पूजा-अर्चना को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शहरभर में सजे सैकड़ों छोटे-बड़े दुर्गा पंडालों के बीच पद्मनाभपुर स्थित जनता मार्केट का दुर्गा पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां माता की प्रतिमा को आकर्षक रथ पर विराजमान किया गया है। जगन्नाथ धाम की थीम पर सजे इस पंडाल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में भक्तजन पहुंचकर माता का दर्शन कर रहे हैं।
सप्तमी के पावन अवसर पर पंडाल में मां शाकंभरी की विशेष पूजा-अर्चना की गई। महाआरती के पश्चात श्रद्धालुओं को फल एवं हरी सब्जियों का प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन के दौरान 56 भोग की मिठाइयों का भी विशेष महत्व रहा। माता के दरबार में विभिन्न महिला समितियों द्वारा भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी जा रही हैं, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा है। भजन-कीर्तन में श्रद्धालु भी उत्साहपूर्वक शामिल हो रहे हैं।
इस पंडाल में दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ स्कूली बच्चे भी पहुंच रहे हैं। विभिन्न स्कूलों के बच्चे अपने विद्यालय की ओर से पंडाल का भ्रमण कर रहे हैं और माता के दर्शन कर रहे हैं। नवरात्र के दौरान यहां धार्मिक आयोजन और भक्तों की आवाजाही लगातार बनी हुई है।
-नवमी पर महाप्रसाद, 20 अक्टूबर को होगा विसर्जन
श्री नवयुवक दुर्गोत्सव समिति, पद्मनाभपुर द्वारा प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार सोमवार, 19 अक्टूबर को नवमी के अवसर पर दोपहर 1 बजे से महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। वहीं, मंगलवार, 20 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से देवी प्रतिमा का भव्य विसर्जन कार्यक्रम प्रारंभ होगा।
समिति के सदस्य एवं पूर्व पार्षद राजेश शर्मा ने प्रशासन से विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शिवनाथ नदी में दुर्ग-भिलाई क्षेत्र की सैकड़ों दुर्गा प्रतिमाएं विसर्जन के लिए पहुंचेंगी। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालुओं और बच्चों की उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के साथ पर्याप्त प्रकाश, साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.