-दिल्लीवार कूर्मि क्षत्रिय समाज के डोमशेड का किया लोकार्पण, पुस्तकालय सहित विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण
.jpeg)
दुर्ग। क्वांर नवरात्रि के पावन अवसर पर दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के विधायक ललित चंद्राकर ने ग्राम चंगोरी में ₹150.24 लाख की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने मां सरस्वती, छत्रपति शिवाजी महाराज एवं आदिशक्ति मां जगदम्बा का स्मरण कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। कार्यक्रम में नवनिर्मित पुस्तकालय और दिल्लीवार कूर्मि क्षत्रिय समाज के लिए निर्मित डोमशेड का फीता काटकर लोकार्पण किया गया तथा उन्हें जनता को समर्पित किया गया।
ग्राम चंगोरी में विकास कार्यों के अंतर्गत सीसी रोड, नाली निर्माण, ओपन जिम यूनिट, कबड्डी मैट, डोमशेड एवं चेकर टाइल्स सहित विभिन्न निर्माण कार्य शामिल हैं। इन कार्यों से गांव में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही ग्रामीणों, युवाओं और विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
-युवाओं को खेल और विद्यार्थियों को अध्ययन की बेहतर सुविधा
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ललित चंद्राकर ने कहा कि ग्राम चंगोरी में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। ओपन जिम और कबड्डी मैट से युवाओं को खेलकूद एवं शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति प्रोत्साहन मिलेगा। वहीं, नवनिर्मित पुस्तकालय विद्यार्थियों के अध्ययन, ज्ञानवर्धन और उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार गांव, गरीब, किसान और युवाओं के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य कर रही है।
प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और आयुष्मान भारत योजना जैसी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे और गांव निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े, इसके लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
-डोमशेड से सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों को मिलेगी सुविधा
दिल्लीवार कूर्मि क्षत्रिय समाज के लिए नवनिर्मित डोमशेड को महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए विधायक ने कहा कि इसके निर्माण से समाज को विभिन्न आयोजनों के लिए स्थायी सुविधा उपलब्ध हो गई है। अब शादी-ब्याह, छठी, मरनी-हरनी, सामाजिक अधिवेशन, बैठक, रामायण, भजन-कीर्तन सहित अन्य सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक कार्यक्रम यहां आसानी से आयोजित किए जा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि डोमशेड के उपलब्ध होने से बारिश और तेज धूप के दौरान भी समाज के लोगों को कार्यक्रम आयोजित करने में सुविधा मिलेगी। यह भवन सामाजिक एकता, आपसी सहयोग और समरसता को बढ़ावा देने के साथ ही समाज के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा।
-जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती कुलेश्वरी देवांगन, ग्राम सरपंच हीरामन देशमुख, बूथ अध्यक्ष बुद्धिवल्लभ देशमुख, यशवंत, सुखदेव देवांगन, पंच तुलसीराम देशमुख एवं पुकेश्वर सेन सहित अनेक जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इसके अलावा ईश्वरी देशमुख, मुन्ना देशमुख, पुनाराम देशमुख, शीतल देशमुख, लखन देशमुख, सुंदरलाल देशमुख सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी कार्यक्रम में शामिल हुए। ग्रामीणों ने गांव में विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण पर प्रसन्नता व्यक्त की।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.