-दुर्ग-धमधा-पाटन में 9,568 श्रमिकों को मिल रहा रोजगार
दुर्ग। गांवों में रोजगार के साथ विकास की रफ्तार भी तेज हो रही है। विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) यानी जी-राम-जी के तहत दुर्ग जिले में मजदूरों को काम देने के साथ गांवों में टिकाऊ परिसंपत्तियां तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। योजना के तहत अब तक 4,875.73 लाख रुपये यानी करीब 48.76 करोड़ रुपये की मजदूरी का भुगतान किया जा चुका है।
-तीनों जनपदों में 9,568 श्रमिकों को काम
जिले के दुर्ग, धमधा और पाटन जनपद पंचायतों में वर्तमान में कुल 9,568 श्रमिक कार्यरत हैं। इनमें धमधा में 4,365, दुर्ग में 3,346 और पाटन में 1,857 श्रमिक शामिल हैं। योजना के तहत पात्र ग्रामीण परिवारों को एक वित्तीय वर्ष में 125 दिनों तक रोजगार की गारंटी देने का प्रावधान है। ग्रामीण ग्राम पंचायत के माध्यम से काम की मांग कर सकते हैं। मांग के 15 दिनों के भीतर रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था है।
-SNA से सीधे खातों में पहुंच रही मजदूरी
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी बजरंग कुमार दुबे ने बताया कि मजदूरी भुगतान को पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए सिंगल नोडल अकाउंट (SNA) के माध्यम से प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) द्वारा राशि श्रमिकों के बैंक अथवा डाकघर खातों में भेजी जा रही है। स्वीकृत कार्यों और भुगतान की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि श्रमिकों को समय पर मजदूरी का लाभ मिल सके।
जनपदवार भुगतान में पाटन में 1,782.01 लाख रुपये, दुर्ग में 1,602.23 लाख रुपये और धमधा में 1,400.40 लाख रुपये की मजदूरी का भुगतान किया गया है।
-तालाब, डबरी से लेकर स्कूल तक बनेंगी परिसंपत्तियां
योजना के तहत तालाब, डबरी और जल निकासी जैसे कार्यों से वर्षा जल संचयन, भूजल संवर्धन और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। वहीं, स्कूल, आंगनबाड़ी और शौचालय निर्माण से ग्रामीण अधोसंरचना मजबूत होगी। इन कार्यों से एक ओर ग्रामीणों को रोजगार मिलेगा, वहीं दूसरी ओर गांवों में लंबे समय तक उपयोगी परिसंपत्तियां तैयार होंगी।
कलेक्टर अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में स्वीकृत कार्यों की नियमित समीक्षा और गुणवत्ता की निगरानी की जा रही है। जिला पंचायत का लक्ष्य रोजगार सृजन के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देना और ग्रामीणों को टिकाऊ परिसंपत्तियों का लाभ उपलब्ध कराना है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.