दुर्ग

मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा से बदली देश की तस्वीर, छत्तीसगढ़ को मिली विकास की नई सौगातें : केदार कश्यप

164051020261127291001993363.jpg

दुर्ग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर सोमवार को दुर्ग के सर्किट हाउस में दुर्ग संभाग स्तरीय प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को छत्तीसगढ़ शासन के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने संबोधित किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक ललित चंद्राकर, जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, भाजपा प्रदेश मंत्री जितेंद्र वर्मा, सभापति श्याम शर्मा, जिला महामंत्री दिलीप साहू और मीडिया प्रभारी राजा महोबिया उपस्थित रहे।
कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि यह 25 वर्ष निरंतर सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की प्रेरक यात्रा है। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई उनकी जनसेवा यात्रा आज देश के प्रधानमंत्री के रूप में आगे बढ़ रही है। उन्होंने हर जिम्मेदारी को जनसेवा का अवसर माना है।
कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष अपनत्व रहा है। संगठन के पदाधिकारी रहते हुए उन्होंने बस्तर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा किया। गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए भी छत्तीसगढ़ के साथ विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अनुभवों का आदान-प्रदान हुआ। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राजनीति को केवल सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि सेवा और परिवर्तन का माध्यम बनाने का प्रयास किया गया है।
-गरीब कल्याण को मिला व्यापक आधार
केदार कश्यप ने कहा कि गरीब परिवारों को पक्का घर, किसानों को आर्थिक सहायता, महिलाओं को सम्मान और सुविधा, युवाओं को अवसर तथा देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अनेक कदम उठाए गए हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ शासन का मूल मंत्र बना है। योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना अंत्योदय की भावना है।
उन्होंने कहा कि जनधन खाते, आधार और मोबाइल के माध्यम से सरकारी सहायता को सीधे लाभार्थियों तक पहुंचाने की व्यवस्था मजबूत हुई है। इससे बिचौलियों की भूमिका कम हुई और योजनाओं में पारदर्शिता बढ़ी। उनके अनुसार पिछले एक दशक में देश के लगभग 25 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले हैं। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के माध्यम से लगभग 81 करोड़ लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।
-उज्ज्वला और जल जीवन मिशन से महिलाओं को राहत
कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन ने गरीब परिवारों और महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव किया है। छत्तीसगढ़ में लगभग 39 लाख 54 हजार महिलाओं को उज्ज्वला योजना के माध्यम से धुएं से मुक्ति मिली है, जबकि जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश के लगभग 41 लाख 50 हजार ग्रामीण परिवारों तक नल से जल पहुंच रहा है।
आयुष्मान भारत योजना को गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का बड़ा माध्यम बताते हुए उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये तक के उपचार का सुरक्षा कवच मिला है। योजना का विस्तार 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों तक भी किया गया है।
-छत्तीसगढ़ के 25.51 लाख किसानों को 11,277 करोड़ से अधिक की सहायता
कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए महत्वपूर्ण आर्थिक सहायता बनी है। प्रदेश के 25 लाख 51 हजार किसानों को 11 हजार 277 करोड़ रुपये से अधिक की राशि उनके खातों में पहुंचाई गई है। किसान सम्मान निधि के साथ सिंचाई, फसल बीमा, कृषि तकनीक और कृषि अधोसंरचना से जुड़ी योजनाओं का उद्देश्य खेती को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ धान उत्पादन और धान खरीदी के लिए देश में विशेष पहचान रखता है। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और खरीदी व्यवस्था को सरल बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
-प्रतिदिन करीब 1,600 आवासों का निर्माण
प्रधानमंत्री आवास योजना का उल्लेख करते हुए कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आवास निर्माण को गति मिली है और प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 आवासों का निर्माण हो रहा है। 30 मार्च 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के तीन लाख हितग्राहियों के गृह प्रवेश कार्यक्रम में भाग लिया था। वहीं 1 नवंबर 2025 को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 3 लाख 51 हजार आवासों का गृह प्रवेश हुआ तथा तीन लाख हितग्राहियों के लिए 1,200 करोड़ रुपये की किस्त जारी की गई।
-रेल और सड़क परियोजनाओं से बढ़ी कनेक्टिविटी
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लगभग 51 हजार करोड़ रुपये की लागत से रेलवे सुविधाओं के विस्तार का कार्य चल रहा है। नई रेल लाइनों, दोहरीकरण, रेलवे फ्लाईओवर और पुलों के निर्माण के साथ अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि 24 फरवरी 2024 को ‘विकसित भारत, विकसित छत्तीसगढ़’ कार्यक्रम के दौरान 34 हजार 400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण, राष्ट्र को समर्पण और शिलान्यास हुआ। वहीं 30 मार्च 2025 को बिलासपुर में 33 हजार 700 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण, शिलान्यास और कार्यारंभ किया गया।
1 नवंबर 2025 को छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव के अवसर पर 14 हजार 260 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास हुआ। इनमें सड़क, उद्योग, स्वास्थ्य और ऊर्जा क्षेत्र की परियोजनाएं शामिल हैं। उन्होंने कहा कि रायपुर-विशाखापत्तनम मार्ग, रायपुर-दुर्ग बायपास, रायपुर-बिलासपुर-कटघोरा सहित प्रमुख सड़क परियोजनाओं से प्रदेश की कनेक्टिविटी और व्यापारिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
-जनजातीय विकास पर विशेष जोर
कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के विकास को विशेष प्राथमिकता मिली है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 6,691 जनजातीय गांवों के समग्र विकास पर काम किया जा रहा है। पीएम जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के 56 हजार से अधिक परिवारों तक आवास, सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का काम हुआ है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मान्यता देकर जनजातीय समाज के योगदान को राष्ट्रीय सम्मान दिया गया है। वन धन जैसी पहल से लघु वनोपज आधारित परिवारों की आजीविका मजबूत करने के अवसर मिले हैं।
-नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक सफलता
बस्तर में शांति और विकास को छत्तीसगढ़ के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन तथा केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक सफलता मिली है। 31 मार्च 2026 को छत्तीसगढ़ समेत देश नक्सलवाद से मुक्त हुआ।
उन्होंने कहा कि इस सफलता में सुरक्षा बलों के साहसी जवानों, स्थानीय नागरिकों और कठिन परिस्थितियों में काम करने वाले कर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान है। हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटने वालों के पुनर्वास के साथ बस्तर में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, संचार और रोजगार के अवसरों को मजबूत किया जा रहा है।
कश्यप ने कहा कि ‘नियद नेल्लानार’ जैसी पहल के माध्यम से सुरक्षा शिविरों और आसपास के गांवों तक सरकारी सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय कला और सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन से जोड़कर स्थानीय युवाओं, कलाकारों और कारीगरों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी काम हो रहा है। बस्तर पंडुम और बस्तर ओलंपिक्स जैसे आयोजनों ने क्षेत्र की प्रतिभा और संस्कृति को व्यापक पहचान दी है।
-शिक्षा, स्वास्थ्य और डिजिटल सेवाओं का विस्तार
शिक्षा के क्षेत्र में पीएम श्री विद्यालयों के उन्नयन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बिलासपुर कार्यक्रम के दौरान 29 जिलों के 130 पीएम श्री विद्यालयों के उन्नयन की पहल की गई। रायपुर के विद्या समीक्षा केंद्र को भी समर्पित किया गया। आधुनिक प्रयोगशालाओं, पुस्तकालयों और बेहतर शिक्षण संसाधनों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का वातावरण मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत के साथ मेडिकल कॉलेज, अस्पताल और स्वास्थ्य केंद्रों का विस्तार किया जा रहा है। इससे चिकित्सा शिक्षा के अवसर बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर डॉक्टरों और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की उपलब्धता भी बेहतर होगी।
डिजिटल इंडिया को विकास का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कश्यप ने कहा कि मोबाइल नेटवर्क, डिजिटल भुगतान, ऑनलाइन आवेदन, बैंकिंग और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण से आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं तक पहुंच आसान हुई है। डिजिटल सेवाओं ने प्रशासन में पारदर्शिता और गति बढ़ाई है।
-उद्योग, ऊर्जा और रोजगार के नए अवसर
कश्यप ने कहा कि छत्तीसगढ़ के खनिज संसाधन, ऊर्जा क्षमता, कृषि उत्पादन और भौगोलिक स्थिति इसे उद्योगों के लिए महत्वपूर्ण राज्य बनाते हैं। केंद्र और राज्य के सहयोग से निवेश, उत्पादन और रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। ताप विद्युत, नवीकरणीय ऊर्जा और सौर ऊर्जा की परियोजनाओं से प्रदेश की ऊर्जा क्षमता बढ़ रही है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे परिवारों को छत पर सौर ऊर्जा स्थापित करने का अवसर मिल रहा है। ‘रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म’ की नीति के तहत प्रशासनिक सुधार, कारोबार को आसान बनाने और डिजिटल प्रक्रियाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है।
-सेवा संकल्प अभियान से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने का संकल्प
कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने का अवसर सेवा भावना को और मजबूत करने का समय है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के माध्यम से भाजपा कार्यकर्ता पात्र परिवारों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से जोड़ने, उनकी समस्याएं सुनने और समाधान में सहयोग करने का संकल्प लेंगे।
उन्होंने कहा कि उद्देश्य केवल योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि पात्र व्यक्ति को उसका वास्तविक लाभ मिले। आवास, राशन, किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला, नल कनेक्शन, स्वास्थ्य सुरक्षा और जनजातीय योजनाओं के लाभार्थियों तक पहुंचना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में केंद्र सरकार की योजनाओं को पात्र परिवारों तक पहुंचाने का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से प्रदेश के विकास को गति मिल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प आगे बढ़ रहा है और विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करना सभी का दायित्व है। सेवा, सुशासन और जनकल्याण के मार्ग पर सरकार और संगठन निरंतर आगे बढ़ेंगे।

एक टिप्पणी छोड़ें

Data has beed successfully submit

Related News

Advertisement

Popular Post

This Week
This Month
All Time

स्वामी

संपादक- पवन देवांगन 

पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)

ई - मेल :  dakshinapath@gmail.com

मो.- 9425242182, 7746042182

हमारे बारे में

हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।

सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।

logo.webp

स्वामी / संपादक- पवन देवांगन

- बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)

ई - मेल : dakshinapath@gmail.com

मो.- 9425242182, 7746042182

NEWS LETTER
Social Media

Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved

Powered By Global Infotech.