होम / दुर्ग-भिलाई / ‘मेरे सपनों का भारत’ चित्रकला अभियान में बच्चों ने दिखाई रचनात्मकता
दुर्ग-भिलाई
-चित्रों में उभरी विकसित भारत की कल्पना, विद्यार्थियों ने स्वच्छ, सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र का सपना रंगों में उतारा

दुर्ग। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक सेवाकाल के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत नगर पालिक निगम दुर्ग क्षेत्र के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शासकीय तिलक कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, आत्मानंद शासकीय बोरसी स्कूल एवं आदर्श कन्या शाला सहित निगम क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश एवं नगर निगम आयुक्त लीना कोसम के मार्गदर्शन में शिक्षा विभाग और नगर निगम के समन्वय से आयोजित इस अभियान में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक सोच को चित्रों एवं भाषणों के माध्यम से अभिव्यक्त किया। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों में विकसित भारत की परिकल्पना की आकर्षक झलक देखने को मिली।
बच्चों ने अपने चित्रों और भाषणों में स्वच्छ भारत, पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान एवं तकनीक, वैकल्पिक ऊर्जा स्रोत, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सौहार्द, भारतीय संस्कृति और विकसित राष्ट्र जैसे विषयों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया। उनकी रचनात्मक अभिव्यक्तियों में भारत को स्वच्छ, आत्मनिर्भर, आधुनिक और सशक्त राष्ट्र बनाने की कल्पना स्पष्ट रूप से दिखाई दी।
-नुक्कड़ नाटक से दिया स्वच्छता का संदेश
इसी क्रम में शासकीय तिलक कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने ‘नमो सेवा—अनकही कहानियां’ संगीतमय नाटक एवं नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी। छात्राओं ने प्रभावी अभिनय एवं संदेशपूर्ण प्रस्तुति के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने लोगों को स्वच्छता को अपनी दैनिक आदतों का हिस्सा बनाने तथा स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया।
-बच्चों ने कहा—राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित है प्रधानमंत्री का जीवन
प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थियों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन देश की जनता की सेवा और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित रहा है। विद्यार्थियों ने भारत के विकास में उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि देश की प्रगति में युवाओं और बच्चों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। ‘मेरे सपनों का भारत’ अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने सपनों और कल्पनाओं को चित्रों एवं विचारों के रूप में प्रस्तुत किया।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.