-9 वर्षों से प्रतिदिन जरूरतमंदों को नि:शुल्क भोजन वितरण सहित मानव एवं गौ सेवा में जुटे हैं संस्था के सदस्य

दुर्ग। मानव सेवा एवं गौ सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली जन समर्पण सेवा संस्था, दुर्ग के सदस्यों का सम्मान किया गया। भिलाई के कला मंदिर, सिविक सेंटर में 8 सितंबर 2026 को मुद्रा वेलफेयर सोसाइटी, चैंबर ऑफ कॉमर्स, दुर्ग पुलिस एवं साइबर पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘साइबर संरक्षणम् 2026’ कार्यक्रम में संस्था के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए सदस्यों को सम्मानित किया गया।
जन समर्पण सेवा संस्था द्वारा पिछले 9 वर्ष 9 माह से बिना किसी दिन नागा किए प्रतिदिन जरूरतमंदों को नि:शुल्क भोजन वितरण किया जा रहा है। संस्था के युवा सदस्य मानव सेवा को ही सबसे बड़ी सेवा मानते हुए नि:स्वार्थ भाव से लगातार सेवा कार्यों में जुटे हुए हैं। संस्था के सदस्यों का कहना है कि जरूरतमंदों की मदद से मिलने वाली संतुष्टि और आत्मिक खुशी किसी पुरस्कार से कम नहीं है।
-मानव सेवा के साथ गौ सेवा में भी योगदान
जन समर्पण सेवा संस्था द्वारा जरूरतमंदों, दिव्यांगजनों, मानसिक रूप से कमजोर एवं असहाय लोगों की सहायता के साथ-साथ गौ सेवा और पशु-पक्षियों के लिए भी निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। संस्था के सदस्यों द्वारा जरूरतमंदों को बर्तन, कंबल, साबुन, निरमा सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक सामग्री वितरित की जाती है। वहीं दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सामग्री उपलब्ध कराने का कार्य भी किया जाता है।
गौ सेवा के तहत गौ माता को रेडियम पट्टी लगाने के साथ पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था हेतु सकोरे एवं कोटना वितरित किए जाते हैं। संस्था द्वारा नि:शुल्क एंबुलेंस सुविधा भी उपलब्ध कराई जाती है। गंभीर बीमारी से पीड़ित अथवा दुर्घटना में घायल जरूरतमंदों के लिए मेडिकल पलंग, व्हीलचेयर, कम्मोड चेयर, वॉकर जैसी उपयोगी सामग्री भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। यह सेवा संस्था के सदस्य सुजल शर्मा के माध्यम से उपलब्ध कराई जाती है।
-सेवा कार्यों की प्रदेशभर में हो रही सराहना
संस्था के सेवा कार्यों की सराहना दुर्ग जिले के साथ पूरे छत्तीसगढ़ में हो रही है। लगातार विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं समाजों द्वारा संस्था के सदस्यों को सम्मानित किया जा रहा है। संस्था के सदस्यों का कहना है कि समाज के जरूरतमंद वर्ग की सहायता करना और उनके जीवन में थोड़ी भी आसानी लाना ही उनके सेवा कार्यों का उद्देश्य है।
सम्मान समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शोभराज अग्रवाल, साइबर थाना प्रभारी दुर्ग डॉ. संकल्प राय, चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश महामंत्री अजय भसीन, ओए-बीएसपी प्रेसिडेंट एन.के. बंछोर, पूर्व महासचिव परमिंदर सिंह तथा मुद्रा वेलफेयर सोसाइटी की अध्यक्ष टीना सातपुते सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने जन समर्पण सेवा संस्था के सदस्यों के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए उनका सम्मान किया।
इस अवसर पर जन समर्पण सेवा संस्था के अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा ‘बंटी’, राजेंद्र ताम्रकार, सुजल शर्मा, मृदुल गुप्ता, शुभम सेन, आशीष मेश्राम, अर्जित शुक्ला, अख्तर खान, हरीश ढीमर, संजय सेन, अनस खान, अंकेश पेशवानी, हर्ष पाण्डेय सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.