होम / दुर्ग-भिलाई / हाईटेक अस्पताल की राशि में करीब 32 लाख रुपये का गबन, कैशियर गिरफ्तार
दुर्ग-भिलाई
-बैंक में राशि जमा करने की फर्जी ई-मेल भेजकर अधिकारियों को करता रहा गुमराह, गबन की रकम से खरीदा डेढ़ लाख का मोबाइल जब्त
भिलाई। हाईटेक अस्पताल की नकद राशि में करीब 32 लाख रुपये के गबन के मामले में स्मृति नगर चौकी, थाना सुपेला पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अस्पताल के कैशियर को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कैशियर के पद का दुरुपयोग कर अस्पताल की राशि बैंक में जमा नहीं करने और अधिकारियों को फर्जी ई-मेल के माध्यम से राशि जमा किए जाने की गलत जानकारी देकर गुमराह करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से गबन की राशि से खरीदा गया Samsung कंपनी का मोबाइल फोन, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये है, जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार हाईटेक अस्पताल, भिलाई के संचालक मनोज अग्रवाल ने स्मृति नगर चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि अस्पताल में करीब छह वर्षों से कैशियर के पद पर कार्यरत जसविंदर सिंह (46), निवासी 122/डी रुआबांधा सेक्टर, भिलाई, द्वारा अस्पताल की नकद राशि बैंक में जमा करने के बजाय अपने पास रखी जा रही थी।
शिकायत के बाद पुलिस ने अस्पताल से संबंधित दस्तावेजों, वित्तीय लेन-देन और बैंक जमा संबंधी अभिलेखों की जांच शुरू की। जांच में प्रथम दृष्टया करीब 32 लाख रुपये की राशि के गबन का मामला सामने आया। इसके बाद थाना सुपेला की स्मृति नगर चौकी में अपराध क्रमांक 1301/2026, धारा 316(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
-फर्जी ई-मेल भेजकर छिपाता था वास्तविक स्थिति
जांच में सामने आया कि आरोपी कैशियर अस्पताल की नकद राशि बैंक में जमा करने के बजाय अपने पास रखता था। इसके बाद अस्पताल के संबंधित अधिकारियों को ई-मेल के माध्यम से राशि बैंक में जमा किए जाने की फर्जी जानकारी भेजकर वास्तविक वित्तीय स्थिति को छिपाने का प्रयास करता था। इस तरीके से वह लगातार संस्थान के अधिकारियों को गुमराह करता रहा।
विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। पुलिस ने गबन की राशि से खरीदा गया Samsung कंपनी का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमाण्ड की कार्रवाई की जा रही है। मामले में पुलिस की विवेचना जारी है।
-दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने व्यवसायिक संस्थानों से अपील की है कि वित्तीय राशि के लेन-देन और बैंक में जमा होने वाली रकम का नियमित रूप से मिलान एवं सत्यापन किया जाए। किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता, धोखाधड़ी या गबन की जानकारी सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते वैधानिक कार्रवाई की जा सके।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.