होम / दुर्ग-भिलाई / फर्जी नंबर प्लेट लगाकर दूसरे वाहन का नंबर इस्तेमाल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग। दूसरे वाहन का पंजीयन क्रमांक अपनी कार पर लगाकर उसका दुरुपयोग करने वाले आरोपी को थाना मोहन नगर पुलिस ने कार सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी द्वारा दूसरे वाहन का नंबर अपनी टोयोटा यारिस कार पर प्रदर्शित कर सड़क पर उपयोग किया जा रहा था। इसके चलते वास्तविक वाहन स्वामी को ट्रैफिक चालान और टोल राशि कटने के संदेश प्राप्त हो रहे थे।
पुलिस के अनुसार, 24 अगस्त 2026 को प्रार्थी मोनिश सोनी (26 वर्ष), निवासी साईं ड्रीम सिटी, रायपुर ने थाना मोहन नगर में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके नाम पर टोयोटा यारिस कार क्रमांक CG 07 BZ 5226 पंजीकृत है। उन्हें अपने वाहन के संबंध में ट्रैफिक चालान एवं टोल राशि कटने के संदेश मिल रहे थे, जबकि संबंधित समय में उनका वाहन उन स्थानों पर गया ही नहीं था।
जांच में सामने आया कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा प्रार्थी के वाहन का पंजीयन क्रमांक अपनी टोयोटा यारिस कार पर फर्जी तरीके से प्रदर्शित कर उपयोग किया जा रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, इस फर्जी नंबर के कारण उनके नाम पर करीब 2 हजार रुपये का ट्रैफिक चालान तथा लगभग 7 से 8 हजार रुपये की टोल राशि कट गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना मोहन नगर पुलिस ने तत्काल वाहन एवं उसके उपयोगकर्ता की पतासाजी शुरू की। पुलिस टीम ने हरी नगर क्षेत्र में रजत डोम के पास संदिग्ध टोयोटा यारिस कार की पहचान की और उसके चालक विजय सेन (28 वर्ष), निवासी हरी नगर, दुर्ग को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपनी कार पर दूसरे वाहन का पंजीयन क्रमांक इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से टोयोटा यारिस कार, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख रुपये है, जप्त कर ली। आरोपी वाहन के संबंध में वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया।
-दूसरे वाहन का नंबर लगाकर करता था कार का इस्तेमाल
पुलिस जांच के अनुसार आरोपी अपनी टोयोटा यारिस कार पर वास्तविक वाहन का पंजीयन क्रमांक CG 07 BZ 5226 प्रदर्शित कर उसका उपयोग कर रहा था। इसके चलते सड़क पर वाहन के आवागमन से संबंधित चालान और टोल की जानकारी वास्तविक वाहन स्वामी के मोबाइल पर पहुंच रही थी।
इस मामले में थाना मोहन नगर में अपराध क्रमांक 600/2026, धारा 336(3), 340(2), 345(3), 347(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
-दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अपने वाहन के पंजीयन क्रमांक, नंबर प्लेट अथवा वाहन दस्तावेजों के दुरुपयोग की जानकारी मिलने पर तत्काल निकटतम थाना अथवा पुलिस को सूचित करें। यदि किसी अन्य वाहन द्वारा आपके वाहन का पंजीयन क्रमांक इस्तेमाल किया जा रहा है तो प्राप्त ट्रैफिक चालान, टोल अथवा अन्य संबंधित संदेशों को सुरक्षित रखें और पुलिस को उपलब्ध कराएं, ताकि मामले की जांच कर समय पर वैधानिक कार्रवाई की जा सके। उक्त कार्रवाई में थाना मोहन नगर पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.