
भिलाई। आगामी ईद मिलाद-उन-नबी पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से दुर्ग-भिलाई पुलिस एवं प्रशासन ने मुस्लिम कमेटियों के प्रमुखों एवं सदस्यों के साथ बैठक की। 24 अगस्त को पुलिस कंट्रोल रूम, सेक्टर-06 भिलाई में आयोजित बैठक में जुलूस के निर्धारित मार्ग, समय, वालेंटियर, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी दुर्ग वीरेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर दुर्ग शोभराज अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात कौशलेन्द्र देव पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेहर, डिप्टी कलेक्टर प्रेमलाल साव, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर निशांत पाठक एवं उप पुलिस अधीक्षक यातायात विशाल सोन उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने मुस्लिम कमेटी के प्रतिनिधियों से चर्चा करते हुए 26 अगस्त को प्रस्तावित ईद मिलाद-उन-नबी के जुलूसों को निर्धारित मार्ग एवं समय के अनुसार संचालित करने तथा समय पर समाप्त करने की समझाइश दी। जुलूस के दौरान पर्याप्त संख्या में वालेंटियर रखने और उनकी सूची पर्व से पूर्व संबंधित थाने में उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जुलूस को निर्धारित मार्ग की एक ओर से व्यवस्थित रूप से निकालने की समझाइश दी गई। साथ ही जुलूस के दौरान छोटे बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होने देने के निर्देश दिए गए।
मुस्लिम कमेटी के प्रतिनिधियों ने निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करते हुए जुलूस को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से आयोजित करने तथा शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन को आवश्यक सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक में सेक्टर-06 जामा मस्जिद से मिर्जा आसिम बेग, गौसिया मस्जिद से नजरूल खान, सेक्टर-06 से एस.जे. कुरैशी, हाउसिंग बोर्ड मस्जिद से मोहम्मद इफ्तिखार खान, कैम्प-01 मस्जिद से मोहम्मद जमाल, रूआबांधा से शमशेर अली, जामा मस्जिद दुर्ग से शेख शकील, सीरत पाक दुर्ग से अनिस रजा, दुर्ग से सैय्यद मोहसीन अली सहित मुस्लिम कमेटी के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से ईद मिलाद-उन-नबी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। पुलिस ने जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा बच्चों एवं परिजनों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने कहा है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा कानून-व्यवस्था से संबंधित स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.