होम / बड़ी ख़बरें / महिला पर बैटरी के केमिकल का छिड़काव कर गंभीर रूप से घायल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
बड़ी ख़बरें
-बातचीत बंद करने से नाराज था आरोपी, मोटरसाइकिल से पहुंचकर महिला पर फेंका केमिकल; घटना में प्रयुक्त बाइक व केमिकल युक्त डिब्बा जप्त

दुर्ग। ग्राम अरसनारा के पास एक महिला पर बैटरी में पाए जाने वाले केमिकल का छिड़काव कर उसे गंभीर रूप से घायल करने के मामले में नंदिनी नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा केमिकल युक्त डिब्बा भी जप्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार 17 अगस्त 2026 को कारंजा भिलाई निवासी पीड़िता अपने परिचित के साथ कांवड़ यात्रा के लिए ग्राम कोडिया आई हुई थी। इसी दौरान ग्राम कारंजा भिलाई निवासी आरोपी महेश दास (30 वर्ष) महिला द्वारा उससे बातचीत बंद किए जाने की बात को लेकर नाराज था। आरोपी मोटरसाइकिल से ग्राम अरसनारा के पास पहुंचा और अपने साथ टिन के डिब्बे में लेकर आए बैटरी में पाए जाने वाले केमिकल का महिला के ऊपर छिड़काव कर दिया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना नंदिनी नगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 271/2026, धारा 124(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। साथ ही पीड़िता के उपचार एवं घटना से संबंधित आवश्यक जानकारी लेने के लिए अस्पताल पहुंचकर उससे पूछताछ की गई।
रातभर खंगाले सीसीटीवी फुटेज
आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम ने घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज रातभर खंगाले। इसके अलावा संभावित स्थानों पर लगातार पूछताछ एवं पतासाजी की गई। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम कारंजा भिलाई में छिपा हुआ है।
सूचना के आधार पर नंदिनी नगर पुलिस टीम ने तत्काल ग्राम कारंजा भिलाई में घेराबंदी कर आरोपी महेश दास को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा केमिकल युक्त डिब्बा जप्त किया गया।
आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजा
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर 18 अगस्त 2026 को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। प्रकरण में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
आरोपी: महेश दास, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कारंजा भिलाई, थाना नंदिनी नगर, जिला दुर्ग।
जप्त सामग्री: घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल एवं केमिकल युक्त एक डिब्बा।
त्वरित कार्रवाई में पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
घटना की सूचना मिलते ही अपराध दर्ज कर त्वरित विवेचना शुरू करने, सीसीटीवी फुटेज की जांच, मुखबिर सूचना संकलित करने और आरोपी की घेराबंदी कर गिरफ्तारी में थाना नंदिनी नगर के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि व्यक्तिगत विवाद अथवा आपसी मतभेद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें और किसी भी प्रकार की हिंसक कार्रवाई से बचें। किसी विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। महिलाओं के विरुद्ध हिंसा की किसी भी घटना की सूचना मिलने पर पुलिस द्वारा नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.