होम / बड़ी ख़बरें / सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी पर शिवभक्ति में सराबोर रहे श्रद्धालु
बड़ी ख़बरें

दुर्ग। सावन माह के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के पावन पर्व पर सोमवार को पूरा दुर्ग जिला भगवान महादेव की भक्ति में सराबोर रहा। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, रुद्राभिषेक, महाभिषेक और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला चलता रहा। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण शिवमय हो उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक और जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
-द्वादश ज्योतिर्लिंग का महारुद्राभिषेक
मां शक्ति स्वरूपा महिला समिति, दुर्ग द्वारा सतरूपा शीतला मंदिर परिसर, सिविल लाइन में द्वादश ज्योतिर्लिंग का महारुद्राभिषेक एवं कालसर्प दोष निवारण पूजा का आयोजन किया गया। प्रसिद्ध पंडित हेमंत शर्मा के सानिध्य में श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ द्वादश ज्योतिर्लिंग का विधिवत महारुद्राभिषेक किया। इस अवसर पर द्वादश ज्योतिर्लिंग के पार्थिव शिवलिंग विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। आयोजन में जिला भाजपा अध्यक्ष सुरेंद्र कौशिक, पूर्व विधायक अरुण वोरा, सतरूपा शीतला मंदिर समिति के अध्यक्ष रोमनाथ साहू, श्री साईं मंदिर समिति के अध्यक्ष धनेन्द्र सिंह चंदेल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि तथा धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। सभी ने प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए भगवान महादेव से प्रार्थना की। आयोजन समिति मां शक्ति स्वरूपा महिला समिति की संयोजिका डॉ. भावना दिवाकर, समिति सदस्य रजनी ठाकुर, एल्डरमैन गौरव शर्मा सहित अन्य सदस्यों और श्रद्धालुओं ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।
-शिवनाथ तट पर कांग्रेस ने किया रुद्राभिषेक
दुर्ग शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा शिवनाथ नदी तट पर पार्थिव शिवलिंग का श्रद्धापूर्वक रुद्राभिषेक किया गया। आयोजन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, पूर्व विधायक अरुण वोरा, पूर्व महापौर आरएन वर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री राजेंद्र साहू सहित अन्य कांग्रेस नेताओं ने भगवान शिव का रुद्राभिषेक कर प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। आयोजन के संयोजक कांग्रेस नेता अजय शर्मा, राहुल शर्मा, मुकेश राठी और धनंजय साहू के निर्देशन में श्रद्धालुओं के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं।
-पाटन से टोलाघाट तक निकली भव्य कांवर यात्रा
सावन के तीसरे सोमवार पर प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी बोल बम कांवर यात्रा समिति, पाटन के तत्वावधान में पाटन से टोलाघाट शिव मंदिर तक भव्य कांवर यात्रा निकाली गई। समिति के संयोजक एवं भाजपा नेता जितेंद्र वर्मा के नेतृत्व में कांवर यात्रा भगवान महादेव के जयघोष के साथ प्रारंभ हुई। कांवरिए पवित्र जल लेकर टोलाघाट स्थित शिव मंदिर के लिए रवाना हुए। मंदिर पहुंचकर उन्होंने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। पूरी यात्रा के दौरान हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से क्षेत्र गुंजायमान रहा। यात्रा में जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी भी शामिल हुए। कांवरियों की बड़ी संख्या ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।
-भिलाई में शुरु हुई पंडित प्रदीप मिश्रा की शिव महापुराण कथा
इधर, भिलाई के जयंती स्टेडियम में अंतर्राष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) के श्रीमुख से सोमवार को शिव महापुराण कथा का शुभारंभ हुआ। बोल बम सेवा एवं कल्याण समिति द्वारा आयोजित यह कथा 23 अगस्त तक चलेगी। कथा के प्रथम दिन ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा श्रवण के लिए पहुंचे। समिति के संयोजक दया सिंह के नेतृत्व में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। कथा स्थल पर भक्तों में विशेष उत्साह और आस्था देखने को मिली। सावन के तीसरे सोमवार और नागपंचमी के अवसर पर दुर्ग जिले में आयोजित इन धार्मिक कार्यक्रमों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, गूंजते हर-हर महादेव के जयघोष और शिव आराधना के विभिन्न आयोजनों से दुर्ग जिला सुबह से देर शाम तक शिवभक्ति में डूबा रहा।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.