होम / दुर्ग-भिलाई / यात्रियों की सुरक्षा के लिए ऑटो-ई-रिक्शा चालकों का होगा सत्यापन, 16 अगस्त से QR कोड रजिस्ट्रेशन शुरू
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग। यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने तथा ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों की पहचान और संचालन व्यवस्था को व्यवस्थित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। पुलिस महानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल के निर्देशानुसार 16 अगस्त 2026 से ऑटो एवं ई-रिक्शा चालकों का रजिस्ट्रेशन कर उन्हें QR कोड जारी करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इसी क्रम में गुरुवार को पुलिस नियंत्रण कक्ष दुर्ग में लगभग 150 ऑटो चालकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने चालकों को QR कोड आधारित रजिस्ट्रेशन के उद्देश्य, प्रक्रिया और इसके लाभों की जानकारी दी। रजिस्ट्रेशन के बाद प्रत्येक चालक के सत्यापन से यात्रियों को ऑटो चालक की पहचान संबंधी जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी, जिससे सुरक्षित यात्रा को बढ़ावा मिलेगा।
निर्धारित स्थान, रोटेशन और किराये की होगी व्यवस्था
यातायात पुलिस द्वारा ऑटो एवं ई-रिक्शा के संचालन को व्यवस्थित करने के लिए निर्धारित स्थानों पर वाहन खड़े करने, रोटेशन व्यवस्था लागू करने तथा निर्धारित किराये का पालन सुनिश्चित करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इससे प्रमुख स्थानों पर ऑटो की अव्यवस्थित पार्किंग और संचालन से होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं को कम करने में मदद मिलेगी।
दस्तावेज पूर्ण रखने के निर्देश
बैठक में ऑटो चालकों को वाहनों के सभी दस्तावेज पूर्ण एवं अद्यतन रखने तथा वैध ड्राइविंग लाइसेंस के बिना वाहन नहीं चलाने के निर्देश दिए गए। जिन वाहन चालकों के दस्तावेज पूर्ण नहीं हैं, उनके कागजात परिवहन विभाग से चर्चा कर शासकीय शुल्क के तहत पूर्ण कराने की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी दी गई। चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की भी समझाइश दी गई।
PPT और मोबाइल से समझाई रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया
जनहित फाउंडेशन रायपुर के ऋषभ सोनी ने PPT एवं मोबाइल के माध्यम से ऑटो चालकों को QR कोड रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया स्टेप-बाय-स्टेप समझाई। चालकों को मौके पर रजिस्ट्रेशन की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई, ताकि 16 अगस्त से शुरू होने वाली प्रक्रिया में उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो।
यातायात पुलिस दुर्ग की इस पहल का उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के साथ-साथ ऑटो एवं ई-रिक्शा संचालन में पारदर्शिता लाना, चालकों का सत्यापन सुनिश्चित करना और शहर की यातायात व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित बनाना है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.