होम / बड़ी ख़बरें / दुर्ग से बाबा धाम यात्रा पर गए गया नगर के 31 वर्षीय कांवड़िए की रास्ते में मौत, मोहल्ले में शोक..
बड़ी ख़बरें
-सुल्तानगंज से पैदल यात्रा के दौरान मनिया मोड़ के पास बिगड़ी तबीयत, हृदयाघात की आशंका; साथी कांवड़ियों ने यात्रा स्थगित कर दुर्ग लौटने का लिया निर्णय
दुर्ग। पवित्र सावन माह में झारखंड के वैद्यनाथ धाम ज्योतिर्लिंग में गंगाजल चढ़ाने के लिए दुर्ग से बाबा धाम यात्रा पर निकले कांवड़ियों की टोली में शामिल गया नगर वार्ड क्रमांक 4 के निवासी 31 वर्षीय मणी चंद्राकर की कांवड़ यात्रा मार्ग में अचानक तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवारजनों, परिचितों और मोहल्लेवासियों में शोक की लहर व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार मणी चंद्राकर रविवार को दुर्ग से करीब 35 कांवड़ियों की टोली के साथ बाबा धाम के लिए रवाना हुए थे। यह टोली भाजपा नेता अमित पटेल के नेतृत्व में यात्रा पर निकली थी। एक हजार किलोमीटर से अधिक का सफर तय करने के बाद कांवड़िए बिहार के सुल्तानगंज पहुंचे, जहां गंगा नदी में स्नान कर 10 अगस्त की शाम कांधे पर कांवड़ लेकर पैदल देवघर स्थित बाबा वैद्यनाथ धाम के लिए रवाना हुए।
11 अगस्त को सुल्तानगंज से करीब 27 किलोमीटर दूर मनिया मोड़ के पास पैदल यात्रा के दौरान मणी चंद्राकर के सीने में अचानक तेज दर्द हुआ। तबीयत बिगड़ने पर वे रास्ते में स्थित एक कैंप में रुक गए। साथी कांवड़ यात्रियों ने तत्काल उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी सांसें उखड़ गईं और उनका निधन हो गया।
बताया जा रहा है कि मणी चंद्राकर की मृत्यु हृदयाघात के चलते हुई है। उनके अचानक निधन से साथ गए कांवड़िए भी स्तब्ध हैं। घटना के बाद पूरी टोली ने बाबा धाम की यात्रा बीच में स्थगित कर दुर्ग लौटने का निर्णय लिया।
मृतक मणी चंद्राकर का पार्थिव शरीर एंबुलेंस के माध्यम से दुर्ग लाया जा रहा है। गुरुवार सुबह हरनाबांधा मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन की खबर से गया नगर सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।शिवनाथ बोलबम कांवरिया समिति दुर्ग के संयोजक व निगम के पूर्व सभापति दिनेश देवांगन सहित समिति के सदस्यों ने मणी चंद्राकर के असामयिक निधन पर गहरा दुख प्रकट करते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त किया है।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.