
दुर्ग। पुलगांव चौक में विवाद के बाद एक युवक को कार से पीछे से ठोकर मारकर काफी दूर तक घसीटने के मामले में पुलगांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त कर ली है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 711/2026 के तहत धारा 109(1) बीएनएस में कार्रवाई कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अपने मित्र भुवनेश्वर निषाद और हरि निषाद के साथ पुलगांव चौक स्थित पान ठेले के पास खड़ा था। इसी दौरान राजनांदगांव की ओर से तेज गति से आ रही कार क्रमांक CG-04-HJ-9238 ने मनीष गैरेज में काम करने वाले विजय वैष्णव को टक्कर मार दी। इसके बाद विजय और कार चालक के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि कार चालक ने वाहन से उतरकर विजय के साथ हाथ-थप्पड़ से मारपीट की और उसे धमकी दी।
विजय वहां से पैदल पोटिया की ओर जाने लगा और कार चालक को आवाज दे रहा था। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर उसे धमकी देते हुए कार में बैठकर उसका पीछा किया और पीछे से जानबूझकर कार की टक्कर मार दी। टक्कर के बाद भी आरोपी ने कार नहीं रोकी, बल्कि विजय को वाहन से घसीटते हुए पुलगांव चौक स्थित बालाजी स्वीट्स से काफी दूर तक ले गया।
पीड़ित के मित्रों ने कार रोकने का प्रयास किया और आरोपी से वाहन रोकने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि उसने कार नहीं रोकी। बाद में उसके मित्रों ने वाहन रुकवाकर विजय को बाहर निकाला और गंभीर रूप से घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलगांव पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने प्रार्थी एवं गवाहों के बयान दर्ज करने के साथ आरोपी और घटना में प्रयुक्त वाहन की तलाश शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अजय कुमार गारूडीक (56 वर्ष), निवासी बमलेश्वरी कॉलोनी, बोरसी, थाना पद्मनाभपुर, जिला दुर्ग को कार सहित पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी का जिला अस्पताल दुर्ग में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें चिकित्सक द्वारा शराब सेवन किए जाने का उल्लेख किया गया। पूछताछ में आरोपी द्वारा पीड़ित को पीछे से कार से टक्कर मारने और काफी दूर तक घसीटने की घटना करना स्वीकार किया गया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
घटना में प्रयुक्त कार जब्त
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कार क्रमांक CG-04-HJ-9238 जब्त की है। मामले की विवेचना जारी है।
पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय गति और यातायात नियमों का पालन करें। सड़क पर किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में न लें। किसी व्यक्ति के जीवन को खतरे में डालने वाला कृत्य गंभीर अपराध है। ऐसी घटनाओं की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.