होम / बड़ी ख़बरें / यातायात पुलिस की सख्ती: एक सप्ताह में 6,431 लापरवाह वाहन चालकों पर कार्रवाई
बड़ी ख़बरें
-बिना हेलमेट 3,897 और नो पार्किंग के 1,215 प्रकरण दर्ज, शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी कड़ी निगरानी
दुर्ग। उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत जिले के विभिन्न स्थानों पर फिक्स पॉइंट लगाकर वाहन जांच की जा रही है तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है।
यातायात पुलिस द्वारा विशेष रूप से बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, नो पार्किंग, शराब सेवन कर वाहन चलाने, मोबाइल का उपयोग करते हुए वाहन चलाने तथा तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों पर निगरानी रखी जा रही है। रात्रि के समय प्रमुख मार्गों और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में ब्रेथ एनालाइजर के माध्यम से शराब सेवन करने वाले चालकों की जांच भी की जा रही है।
पिछले एक सप्ताह के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 6,431 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें सबसे अधिक 3,897 प्रकरण बिना हेलमेट के दर्ज किए गए, जबकि नो पार्किंग के 1,215 मामलों में भी चालानी कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार तेज रफ्तार के 37, लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने के 79, तीन सवारी के 428, ब्लैक फिल्म के 6, शराब पीकर वाहन चलाने के 69, परमिट शर्तों के उल्लंघन के 16, वाहन चलाते समय मोबाइल उपयोग करने के 28, बिना सीट बेल्ट के 424, बिना बीमा के 70 तथा नो एंट्री के 17 प्रकरण दर्ज किए गए। अन्य विभिन्न धाराओं के तहत भी 150 मामलों में कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक एवं पीछे बैठने वाला व्यक्ति दोनों हेलमेट का उपयोग करें तथा चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट अवश्य लगाएं। पुलिस ने शराब पीकर वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल का उपयोग नहीं करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नाबालिगों को वाहन नहीं देने की भी अपील की है।
यातायात पुलिस का कहना है कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। नागरिक यातायात नियमों का पालन कर स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की सुरक्षा में भी सहयोग करें।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.