होम / दुर्ग-भिलाई / दुर्ग में यातायात पुलिस का विशेष अभियान: नो पार्किंग में खड़े वाहन हटाए, एनएच से भारी वाहन हटाकर काटे ई-चालान
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से बुधवार को यातायात पुलिस ने नगर निगम और संबंधित थाना पुलिस के संयुक्त सहयोग से विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान नो पार्किंग में खड़े वाहनों पर कार्रवाई, राष्ट्रीय राजमार्ग से अवैध रूप से खड़े भारी वाहनों को हटाने, अतिक्रमण हटाने तथा गौवंश को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने इंदिरा मार्केट दुर्ग में नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े दोपहिया वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए क्रेन की सहायता से वाहनों को उठाकर यातायात जोन पहुंचाया। इसके बाद संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही वाहन चालकों को सार्वजनिक मार्गों और बाजार क्षेत्रों में अवैध पार्किंग से होने वाली यातायात बाधाओं के संबंध में समझाइश भी दी गई।
अभियान के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) पर सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रक एवं अन्य भारी वाहनों को हटवाया गया तथा संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध ई-चालान की कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि इस प्रकार खड़े भारी वाहन दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ाते हैं और यातायात को प्रभावित करते हैं।
इसके अलावा डबरापारा एवं हथखोज क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट संचालकों और वाहन मालिकों को मुख्य मार्ग पर वाहन खड़ा नहीं करने तथा निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने की सख्त हिदायत दी गई।
चंद्रा-मौर्या से सुपेला चौक तक सर्विस रोड पर नगर निगम और संबंधित थाना पुलिस के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी की गई, जिससे आम नागरिकों और वाहन चालकों को सुगम एवं सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। वहीं अभियान के दौरान नगर निगम की सहायता से सड़कों पर विचरण कर रहे गौवंश को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे नो पार्किंग क्षेत्रों में वाहन खड़ा न करें, मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण से बचें तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.