होम / दुर्ग-भिलाई / कलेक्टरेट परिसर में 50 लाख के पेविंग ब्लॉक कार्य का महापौर ने किया निरीक्षण, वाटर हार्वेस्टिंग के दिए निर्देश
दुर्ग-भिलाई
दुर्ग। नगर पालिक निगम दुर्ग की महापौर अलका बाघमार ने शुक्रवार को कलेक्टरेट परिसर में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से चल रहे पेविंग ब्लॉक निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और तकनीकी मानकों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में वर्षा जल संचयन (वॉटर हार्वेस्टिंग) की व्यवस्था विकसित करने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान महापौर के साथ लोक कर्म विभाग के प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर, पार्षद रामचंद्र सेन, युवराज कुंजाम, खिलावन मटियारा, सहायक अभियंता हरिशंकर साहू, उप अभियंता मोहित मरकाम सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि कलेक्टरेट परिसर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक विभिन्न कार्यों से पहुंचते हैं। ऐसे में परिसर का व्यवस्थित, सुरक्षित और सुविधायुक्त होना आवश्यक है। पेविंग ब्लॉक निर्माण से लोगों के आवागमन में सुविधा मिलेगी और परिसर की सुंदरता भी बढ़ेगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने और समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
महापौर ने जल संरक्षण को वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता बताते हुए परिसर में वॉटर हार्वेस्टिंग संरचना विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शासकीय परिसर में वर्षा जल संचयन की प्रभावी व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे भू-जल स्तर में सुधार के साथ जल संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य के साथ ही वर्षा जल संचयन की योजना तैयार कर शीघ्र अमल में लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि नगर निगम विकास कार्यों के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और जल संवर्धन को भी समान प्राथमिकता दे रहा है। भविष्य की जल आवश्यकताओं को देखते हुए वर्षा जल संचयन जैसी व्यवस्थाएं बेहद महत्वपूर्ण हैं।
लोक कर्म विभाग के प्रभारी देव नारायण चन्द्राकर ने बताया कि कलेक्टरेट परिसर में स्वीकृत राशि के अनुसार निर्धारित मानकों के तहत पेविंग ब्लॉक का निर्माण कराया जा रहा है। महापौर के निर्देशानुसार परिसर में वॉटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग नियमित रूप से कार्य की मॉनिटरिंग कर रहा है और निर्धारित समय-सीमा में निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा।
संपादक- पवन देवांगन
पता - बी- 8 प्रेस कॉम्लेक्स इन्दिरा मार्केट
दुर्ग ( छत्तीसगढ़)
ई - मेल : dakshinapath@gmail.com
मो.- 9425242182, 7746042182
हिंदी प्रिंट मीडिया के साथ शुरू हुआ दक्षिणापथ समाचार पत्र का सफर आप सुधि पाठकों की मांग पर वेब पोर्टल तक पहुंच गया है। प्रेम व भरोसे का यह सफर इसी तरह नया मुकाम गढ़ता रहे, इसी उम्मीद में दक्षिणापथ सदा आपके संग है।
सम्पूर्ण न्यायिक प्रकरणों के लिये न्यायालयीन क्षेत्र दुर्ग होगा।
Copyright 2024-25 Dakshinapath - All Rights Reserved
Powered By Global Infotech.